अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में शामिल हुए 200 खिलाड़ी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में मेजर ध्यानचंद जयंती के उपलक्ष में अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अलग-अलग विद्यालयों के 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभागिता की। प्रतियोगिताएं तीसरी कक्षा से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गईं थीं, जिनमें 50 मीटर स्प्रिंट रेस, 30 मीटर स्प्रिंट रेस, शॉट पुट, लॉन्ग जंप, स्टैंडिंग बोर्ड जंप एवं टेनिस बॉल थ्रो आदि प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय, अतिथि विद्यालय निदेशक पंकज जोशी एवं प्रबंधन समिति के सदस्य अमित सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिभागी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं आत्मज्ञान, आशा और खेल भावना की प्रतीक मशाल के प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय के स्पोर्ट्स कैप्टन आकर्षित राज ने मशाल के साथ विद्यालय प्रांगण का चक्कर लगाया तथा सभी खिलाड़ियों के साथ हार-जीत को समान रूप से लेने एवं पूर्ण मित्रता एवं खेल भावना के साथ खेलों में भागीदारी करने की शपथ ली गई।
सुगमता की दृष्टि से इन प्रतियोगिताओं को कई चक्रों में पूरा किया गया। प्रत्येक चक्र के बाद विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया गया। सभी प्रतियोगिताएं विद्यालय के खेल विभाग के सदस्यों- तुषार कपिल शर्मा, नटराज सिंह, प्रिया भाटी एवं प्रियंका जोशी के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुईं। आधार शिला ग्लोबल स्कूल ने सर्वाधिक पुरस्कार जीत ओवरऑल विनिंग ट्रॉफी पर अधिकार जमाया तो डी.पी.एस. (मेरठ रोड) एवं ग्रेटर नोएडा वर्लड स्कूल ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए क्रमशः दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*