दिव्यांग जनों का जीवन बेहतर बनाने के लिए बांटी 40 व्हीलचेयर

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
-गाजियाबाद में सेवा पखवाड़ा के तहत विकास भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम, सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेयी रहे उपस्थित
गाजियाबाद। जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को हुंडई मोटर इंडिया द्वारा 40 दिव्यांगों को अत्याधुनिक व्हीलचेयर वितरित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा, “आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह एक सार्थक और सशक्त कदम है। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर न केवल उनकी जीवनशैली को बेहतर बनाएगी, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और स्वावलंबन की ओर भी अग्रसरित करेगी।”
हुंडई मोटर इण्डिया लि. द्वारा सरकार को किया जा रहा यह सहयोग कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) परियोजना “समर्थ” के तहत महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। गाजियाबाद के विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में 40 दिव्यांग जनों को अत्याधुनिक ऑटोमेटेड व्हीलचेयर निःशुल्क प्रदान की गई। डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने हुंडई की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा की दिशा में यह एक अनुकरणीय योगदान है।
डॉ बाजपेयी ने कहा कि यह प्रयास आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसकी परिकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। हमें गर्व है कि इस पहल को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व व सतत मार्गदर्शन में साकार रूप दिया जा रहा है। निश्चित ही ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी (गाजियाबाद) अंशुल चौहान एक दिव्यांग का सहयोग करते हुए


इस अवसर पर हुंडई मोटर इण्डिया के कार्यकारी निदेशक जियोंगिक ली, पुनीत आनंद, सौरभ शर्मा, अविक दुबे, शहर विधायक संजीव शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा नेता आशु वर्मा, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, परियोजना निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण प्रदीप कुमार पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अंशुल चौहान, अनमोल खन्ना आदि गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पूनम शर्मा ने किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*