राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। शम्भु दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजियाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के शिविर का आज अंतिम दिवस था। स्वयंसेवकों का उत्साह अपने चरम पर रहा। कार्यक्रम की अध्यक्ष महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ मंजू गोयल, कार्यक्रम अधिकारियों डॉ नीलम गर्ग एवं डॉ अजय उपाध्याय के अलावा महाविद्यालय से पधारे अतिथियों डॉ कमलेश भारद्वाज, डॉ गीता पांडेय, डॉ वीएस राय, आनंद दुबे, डॉ राजनारायण शुक्ला, डॉ० बिंदु कर्णवाल, सुश्री प्रियंका गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात शालिनी शर्मा, मानसी एवं कोयल ने मां शारदे की वंदना एक नृत्य प्रस्तुति दी और फिर राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्यगीत प्रस्तुत किया गया।
स्वागत गीत के माध्यम से छात्राओं ने शिविर स्थल पर पधारे अतिथियों का स्वागत किया। उनका परिचय कार्यक्रम अधिकारी डॉ अजय उपाध्याय ने सभी से कराया। पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का सम्मान-सत्कार किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ नीलम गर्ग ने सात दिनों में कैंप में हुए विविध कार्यक्रम एवं गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सभी समूहों ने समूह गान, समूह नृत्यों एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियां दीं। अलग-अलग संस्कृतियों को दर्शाने वाला मिश्रित नृत्य बेहद सराहा गया। आत्महत्या, अनपढ़ नेता एवं कोरोना को लेकर प्रस्तुत किए गए नाटकों ने सब को भावविभोर कर दिया। गणेश वंदना और जलवा नृत्य ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
सोमवार, 8 मार्च को पुरस्कार वितरण किया गया। अनुशासन, समय पद्धति, सहयोगात्मक व्यवहार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को आधार बनाकर पुरस्कार वितरण किया गया। तरुणा शर्मा एवं कल्पना रानी को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक घोषित किया गया। शिविर में उपस्थित सभी अतिथियों डॉ कमलेश भारद्वाज, डॉ गीता पांडेय, डॉ वीएस राय, आनंद दुबे, डॉ राजनारायण शुक्ला, डॉ बिंदु कर्णवाल, सुश्री प्रियंका गंगवार ने अपने आशीर्वचन द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे मंच से जुड़ने पर उन्होंने बधाईयां दी।
कार्यक्रम की अध्यक्ष डॉ मंजू गोयल ने अपने प्रेरक वक्तव्य द्वारा स्वयंसेवकों को आगे भी सेवा कार्य से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने दोनों कार्यक्रम अधिकारियों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें शिविर के सफल संचालन की बधाई दी। इस अवसर पर कर्मचारी प्रीतम सिंह, सुखपाल, अमित कुमार के साथ-साथ पुरातन छात्र सत्यम सिंह, राहुल कुमार, लता भारद्वाज, मनोज कुमार, कनिष्क आदि उपस्थित रहे। लता भारद्वाज को उनके सहयोग हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। राष्ट्रगान के उपरांत शिविर का समापन हो गया।


Leave a Reply