राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कायस्थ समाज के उत्थान के लिए पंजीकृत संस्था ‘गाजियाबाद चित्रांश महासभा’ ने मुख्य कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। दिल्ली एनसीआर की कुल 12 संस्थाओं ने रविवार को नंदग्राम में हुई एक बैठक में अपना-अपना समर्थन देते हुए एडवोकेट विनोद कुमार श्रीवास्तव को अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को महासभा का प्रवक्ता और प्रभाकर कुमार को सचिव मनोनीत किया है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव ने गाजियाबाद चित्रांश महासभा को समर्थन दे रही सभी संस्थाओं के प्रमुखों व प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि कायस्थ समाज के विकास के लिए हर कायस्थ को जागरूक करना है। इसके लिए संस्था द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनैतिक चेतना बहुत जरूरी है। हमारा गौरवशाली इतिहास भारत की सांस्कृतिक विरासत है जो एकता का भाव लेकर आता है। इसमें सर्वमान्यता का भाव है। हमें हरहाल में हर कायस्थ के मान-सम्मान को बनाए रखते हुए उन्हें मजबूत करना है।
भेदभाव भुलाकर महासभा के साथ जुड़ें :
महासभा के प्रवक्ता जितेन्द्र बच्चन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि ‘गाजियाबाद चित्रांश महासभा’ का मुख्य उद्देश्य जिले में कार्य कर रही सभी छोटी-बड़ी कायस्थ संस्थाओं को एकसाथ एक मंच पर जोड़कर कायस्थ समाज को राजनीतिक और आर्थिक मजबूती प्रदान करना है। जब तक हर कायस्थ एकसाथ नहीं होगा, उसे संबल नहीं प्राप्त होगा। आगे बढ़ना है तो भेदभाव भुलाकर महासभा के साथ जुड़ना चाहिए। संगठन मजबूत होगा तो आपकी भी ताकत बढ़ेगी।
बच्चन ने बताया कि आज हमारे साथ 12 संस्थाएं हैं। इनका अपना वर्चस्व कायम रहेगा, लेकिन इनके समर्थन से सामाजिक विकास के लिए जो एक आमराय बनी है, वह कायस्थ समाज के उत्थान के लिए एक शुभ संकेत है। कल इनकी संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि हमें अपना गौरव वापस लाने के लिए जरूरी है कि हर कायस्थ अपने क्रांति नायक, लोकतंत्र के प्रहरी और कायस्थों के इतिहास को जाने। उसके प्रति जागरूक हो और उससे प्रेरणा लेकर हम सभी आगे बढ़ें। तभी कायस्थों का वर्चस्व, उनकी पहचान और विशेषताएं बनी रहेंगी।
गौरवशाली इतिहास को बनाए रखने का संकल्प :
अध्यक्ष विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के नेशनल डायरेक्टर विजय कुमार श्रीवास्तव को गाजियाबाद चित्रांश महासभा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। विजय कुमार ने भी 10 दिसंबर को हुई कायस्थों की इस बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि महासभा का गठन हमारे विचारों की जीत और कायस्थों के अतीत को वर्तमान में कायम रखने का संकल्प है। हम अपने गौरवशाली इतिहास को बनाए रखें, इसका हम सभी को ध्यान रखना है।
राजीव कांत संयोजक बने :
इंदिरापुरम गाजियाबाद के राजीव कांत को महासभा का संयोजक बनाया गया है। उन्होंने भी बैठक को संबोधित किया। इसके अलावा चार संरक्षक गोविंदपुरम के संजीव सक्सेना, नंदग्राम के दयासिंधु प्रसाद, वी. एन. वर्मा, मरियम नगर के राकेश सिन्हा, चार उपाध्यक्ष प्रताप विहार के विजय कुमार श्रीवास्तव, छपरौला के अशोक कुमार श्रीवास्तव, इंदिरापुरम के आकाश श्रीवास्तव व नंदग्राम के प्रमोद श्रीवास्तव और आशुतोष श्रीवास्तव को सह सचिव, राजनगर एक्सटेंशन के वैभव श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष, अभय श्रीवास्तव को सह कोषाध्यक्ष, नंदग्राम के विभाकर कुमार श्रीवास्तव को लेखा परीक्षक, अमित कुमार को सह-लेखा परीक्षक मनोनीत किया गया है।
महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी बनीं किरण श्रीवास्तव :
महासभा के छह संगठन मंत्री बनाए गए हैं, जिनमें प्रिंस कुमार, अभय श्रीवास्तव, उज्जवल मणि, प्रतीक माथुर, अभिषेक कुमार और पंकज श्रीवास्तव शामिल हैं। साथ ही महिला प्रकोष्ठ का भी गठन किया गया है, जिसकी प्रभारी श्रीमती किरण श्रीवास्तव और विभा श्रीवास्तव को उनके सहयोग के लिए जोड़ा गया है।
इन संस्थाओं ने दिया पूरा समर्थन :
महासभा को जिन 12 संस्थाओं ने समर्थन दिया है, उनमें वृंदावन की श्री चित्रगुप्त पीठ, दिल्ली की ऑल इंडिया कायस्थ काउंसिल, गाजियाबाद की अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा और उनकी गौतम बुद्धनगर इकाई, देश की प्रतिष्ठि एवं राष्ट्रीय संस्था ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’, गाजियाबाद की ‘नंदग्राम चित्रांश एसोसिएशन’, राजनगर एक्सटेंशन चित्रांश एसोसिएशन, कायस्थ फाउंडेशन गाजियाबाद, शिप्रा कायस्थ महासभा, चित्रगुप्त सेवा समिति वैशाली, निभा फाउंडेशन प्रताप विहार और चित्रगुप्त सेवा निवास वसुंधरा शामिल हैं। इस अवसर पर नंदग्राम चित्रांश एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन श्रीवास्तव, श्रीमती किरण श्रीवास्तव, श्रीमती विभा श्रीवास्वत, सुनील श्रीवास्तव, अनुज श्रीवास्तव, कई संस्थाओं एवं संगठनों के प्रमुख, प्रतिनिधि, अधिवक्ता, पत्रकार, समाजसेवी व गणमान्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply