राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। अरिहंत चेरिटेबल एजुकेशनल ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अलका अग्रवाल ने भारत विकास परिषद वसुंधरा शाखा की मदद से एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज की 150 छात्राओं को जूते और प्रमाण पत्र बांटे। साथ ही छह शिक्षिकाओं को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. अंतिमा चौधरी, भारत विकास परिषद वसुंधरा शाखा से मीरा और उनकी टीम मौजूद थी। सम्मानित होने वाली शिक्षिकाओं के नाम प्राची यादव, नीलम, लक्ष्मी, रेनू सोनी, गरिमा और गीतांजलि है। गरिमा अरिहंत ट्रस्ट द्वारा कॉलेज में बने निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र में छात्राओं को सिलाई-कढ़ाई सिखाती हैं जबकि गीतांजलि अरिहंत के निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र में छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण देती हैं।
डॉ. अलका अग्रवाल का मानना है कि लड़कियों को रोज़गारपरक प्रशिक्षण कोर्स सिखाये जाने चाहिए ताकि वे स्वावलम्बी बनें। उन्होंने कॉलेज की गरीब छात्राओं को स्वावलम्बी बनाने हेतु यहां सिलाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना कर रखी है। यह निःशुल्क प्रशिक्षण केन्द्र हैं। एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज में दो कमरे लेकर प्रशिक्षण कार्य शुरू किया गया है, जिसमें 30 कंप्यूटर और 30 सिलाई मशीनें लगी हैं।
डॉ. अलका अग्रवाल के अनुसार अप्रैल 2017 से अभी तक 4000 से अधिक बच्चियों को कंप्यूटर एवं सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया गया है। बच्चियों को सर्टीफिकेट कोर्स कराये जा रहे हैं। बच्चियां 12वीं जब पास कर लेती हैं तो उन्हें नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद की सम्बंधित कंपनियों में नौकरी दिलाने का काम किया जाता है।


Leave a Reply