तमाशबीन बने रहे पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जाए: वृंदा करात

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की पोलित ब्यूरो सदस्य व पूर्व सांसद वृंदा करात कुछ गुंडों के हमले में घायल सीटू नेता गंगेश्वर दत्त के घर सोमवार को पहुंचकर उनका हालचाल जाना। उसके बाद पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष वर्मा से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की। साथ ही घटना के वक्त तमाशबीन बने रहे पुलिसवालों को निलंबित करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों कर्मचारियों को उनका हक दिलाने के लिए कंपनी के बाहर धरना दे रहे गंगेश्वर दत्त पर 4 जनवरी को कुछ गुंडों ने हमला कर दिया था। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि इस मामले में पुलिस पहले तो तमाशबीन बनी रहे, उसके बाद गंगेश्वर दत्त शर्मा को ही गिरफ्तार कर लिया था। कर्मचारियों और मौके पर पहुंचे कुछ किसानों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने शर्मा को छोड़ दिया। कर्मचारियों का हक दिलाने के लिए मानिताऊ इक्यूपमेंट इण्डिया प्रा. लि. उद्योग विहार ग्रेटर नोएडा के गेट के बाहर अब भी दिन-रात धरना जारी है। वृंदा करात ने सोमवार की वहां जाकर घरने पर बैठे कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में कंपनी ठेकेदार व गुन्डों के द्वारा किए गए इस हमले की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि यह हमला गंगेश्वर दत्त शर्मा के ऊपर नहीं है, यह हमला मजदूर वर्ग के ऊपर है। क्योंकि गंगेश्वर दत्त शर्मा पूरी मजबूती के साथ मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। करात ने कहा कि मजदूरों की इस लड़ाई में हम और हमारी पार्टी मजदूरों के साथ खड़ी है। इस कार्यतापूर्ण घटना पर प्रदेश सरकार से भी वे बातचीत करेंगी और यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कामरेड वृंदा करात के साथ माकपा दिल्ली एनसीआर राज्य सचिव कामरेड केएम तिवारी, जिला सचिव व किसान सभा जिला अध्यक्ष डॉ रुपेश वर्मा, सीटू नेता लता सिंह, रामसागर, मुकेश कुमार राघव, पूनम देवी, जनवादी महिला समिति के नेता गुड़िया देवी, रेखा चौहान आदि उपस्थित रहे। उधर जहां मानिताऊ इक्यूपमेंट इण्डिया प्रा. लि. उद्योग विहार ग्रेटर नोएडा के बाहर कर्मचिरयों का धरना जारी है, वहीं डीएम और पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*