‘enba 2023’ की मची धूम, विनीत जैन को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। ‘एक्सचेंज4मीडिया’ समूह द्वारा हर साल दिए जाने वाले बहुप्रतिष्ठित ‘एक्‍सचेंज4मीडिया न्‍यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) 2023 के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। एक भव्य कार्यक्रम के दौरान ‘टाइम्स ग्रुप‘ के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’, ‘एबीपी नेटवर्क’ के सीईओ अविनाश पांडेय को ‘सीईओ ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड, ‘गुड न्यूज टुडे’ की गुंजन दीक्षित को ‘यंग प्रोफेशनल ऑफ द ईयर (हिंदी)’ और ‘यंग प्रोफेशनल ऑफ द ईयर (अंग्रेजी)’ का खिताब ‘एनडीटीवी’ के वेदांत अग्रवाल को दिया गया।
‘एनडीटीवी’ के संजय पुगलिया को न्यूज टेलिविजन हिंदी कैटेगरी में ‘न्यूज डायरेक्टर/ एडिटर-इन-चीफ/ मैनेजिंग एडिटर/न्यूज एडिटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। अंग्रेजी कैटेगरी में यह अवॉर्ड ‘इंडिया टुडे’ के राहुल कंवल को दिया गया है। ‘आजतक’, ‘इंडिया टुडे’ और ‘गुड न्यूज टुडे’ के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद को ‘इनबा एडिटोरियल मेवरिक ऑफ द ईयर 2023’ की कैटेगरी से सम्मानित किया गया। इस बीच हिंदी में बेस्ट न्यूज चैनल ऑफ द ईयर का खिताब ‘आजतक’ ने अपने नाम किया। ‘एबीपी न्यूज’ इस कैटेगरी में फर्स्ट रनर अप रहा।
अंग्रेजी में बेस्ट न्यूज चैनल ऑफ द ईयर का खिताब जहां ‘इंडिया टुडे’ ने अपने नाम किया, वहीं ‘NDTV 24X7 ‘ इस कैटेगरी में फर्स्ट रनर अप रहा। ‘डिजिटल चैनल ऑफ ईयर’ का खिताब ‘न्यूज नशा’ व ‘अपकमिंग चैनल ऑफ द ईयर’ का खिताब ‘भारत एक्सप्रेस’ ने जीता। पदकों की बात करें तो ‘इंडिया टुडे’ और ‘आजतक’ ने कुल 108 पदक जीते। इन चैनल्स को विभिन्न श्रेणियों में 59 गोल्ड, 28 सिल्वर और 21 ब्रॉन् ज मेडल मिले। वहीं, ‘एबीपी न्यूज’ ने तमाम श्रेणियों में 50 अवॉर्ड्स अपने नाम किए, जिनमें 21 गोल्ड, 21 सिल्वर और छह ब्रॉन्ज व दो स्पेशल जूरी मेंशंस अवॉर्ड्स शामिल थे। ‘एनडीटीवी’ ने विभिन्न श्रेणियों में कुल 43 पदक जीते, जिनमें 11 गोल्ड, 20 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज शामिल थे। वहीं, ‘न्यूजएक्स’ और ‘इंडिया न्यूज’ ने विभिन्न श्रेणियों में कुल 40 पदक अपने नाम किए, जिनमें नौ गोल्ड, 12 सिल्वर और 19 ब्रॉन्ज शामिल रहे।
बता दें कि इन अवॉर्ड्स के तहत सात प्रमुख श्रेणियों- प्रोग्रामिंग, पर्सनेलिटी, मार्केटिंग, डिजिटल मीडिया, इंटरनेशनल न्यूज, ओवरऑल एक्सीलेंस और स्पेशल अवॉर्ड्स में ये अवॉर्ड्स दिए गए। इन श्रेणियों को उप-श्रेणियों में बांटा गया था। तमाम एंट्रीज में से विजेताओं का चुनाव करने के लिए 19 मार्च 2024 को दिल्ली के ‘द लीला पैलेस’ होटल में जूरी मीट का आयोजन किया गया था। इस जूरी में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित नाम शामिल हुए।
गौरतलब है कि वर्ष 2008 में अपनी शुरुआत के बाद से ही हर साल यह अवॉर्ड मीडिया में कार्यरत उन शख्सियतों को दिया जाता है, जिन्‍होंने देश में टेलिविजन न्‍यूज इंडस्‍ट्री को एक नई दिशा दी है और अपने योगदान से इस इंडस्‍ट्री को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*