राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। गुलमोहर एन्क्लेव आरडब्लूए अध्यक्ष मनवीर चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने यूपीएससी की परीक्षा में 206वीं रैंक हासिल करने वाली मेघा अग्रवाल को शनिवार को सम्मानित किया। मेघा राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी की ही रहने वाली हैं। इस मौके पर जज ए.बी. सिंह और वार्ड 22 के नगर निगम पार्षद विनील दत्त भी मौजूद रहे।
मनवीर चौधरी ने कहा कि मेघा ने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे गुलमोहर एन्क्लेव का नाम भी रोशन किया है। मेघा की सफलता उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है जो इस प्रकार की परीक्षाओं की तैयारियां कर रहे हैं। जज ए.बी. सिंह ने कहा कि आयुष की तरह मेघा भी उनकी बेटी ही है। दोनों बच्चों ने अपनी मेहनत के दम पर हम सभी का सिर फक्र से ऊंचा कर दिया है। अन्य बच्चों को भी मेघा की तरह अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने का प्रयास करना चाहिए।
मेघा सोसायटी के लोगों से अपार स्नेह और सम्मान पाकर बहुत खुश लगीं। उनकी माता रेखा अग्रवाल तथा पिता जुगल किशोर अग्रवाल ने लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर आरडब्लूए के महासचिव एके जैन, कोषाध्यक्ष विवेक गोयल, जीसी गर्ग, विनम्र जैन, सुरेंद्र सिंह राजपूत, अमित कुमार अग्रवाल, श्रवण कुमार, पत्रकार अमित शर्मा, मीडिया प्रभारी गौरव बंसल आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply