राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। हाईस्कूल (10वीं) में सीतापुर की प्राची निगम ने टॉप किया है। उन्होंने 98.50 प्रतिशत मार्क प्राप्त किया है। यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने बोर्ड की परीक्षा में सफल होने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा के साथ नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रथम बार रिकॉर्ड 12 कार्य दिवसों में परीक्षा सम्पन्न हुई है। रिकॉर्ड 12 कार्य दिवसों में ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का काम किया गया। विगत 100 वर्षों के इतिहास में वर्ष 2023 के बाद दूसरी बार सबसे पहले 20 अप्रैल 2024 को दोपहर दो बजे परिणाम घोषित किए गए हैं।

10वीं में टॉप करने वाली उत्तर प्रदेश के सीतापुर की प्राची निगम के पिता चन्द्रप्रकाश निगम भाजपा नेता हैं। खुद प्राची निगम सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महमूदाबाद सीतापुर की छात्रा हैं और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कैरियर बनाना चाहती हैं। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। प्राची ने कहा कि उनकी सफलता के पीछे नियमित पढ़ाई है। ऐसा कोई दिन नहीं है जब उन्होंने तय टाइम टेबल से पढ़ाई न की हो। उन्होंने कहा कि जो पढ़ें, उसका रिवीजन जरूर करें।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने छात्रों के अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए कहा है, “माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ.प्र. की 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई! आप सभी देश के भविष्य हैं। ऐसे ही परिश्रम, लगन और धैर्य के साथ जीवन की हर परीक्षा में सफल हों, मां शारदे से यही कामना है।”


Leave a Reply