विष्णु सक्सेना के लघुकथा संग्रह ‘अंधेरों से आगे’ का लोकार्पण

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद।अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में रविवार को विष्णु सक्सेना के लघुकथा संग्रह ‘अंधेरों से आगे’ का लोकार्पण व काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। वेस्ट माडल टाउन स्थित एक कैफ़े में हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों ने जहां ‘अंधेरों से आगे’ पुस्तक में संकलित लघुकथाओं के कथ्य एवं शिल्प पर अपने विचार रखे, वही गोष्ठी में कवियों ने समकालीन विषयों पर शानदार रचनाओं की प्रस्तुति से समां बांधा।
लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्व लघुकथाकार बलराम अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कथा कहने कि विभिन्न विधाओं जैसे उपन्यास, कहानी, नाटक की तरह लघुकथा भी एक सशक्त विधा के रूप में स्थापित हो चुकी है। आज पठन-पाठन की संस्कृति कमजोर पड़ रही है। उपन्यास या लंबी कहानियाँ पढ़ने का धैर्य बहुत कम पाठकों में बचा है। ऐसे में अच्छी लघुकथाओं की आवश्यकता है।
लघुकथा के कथ्य एवं शिल्प विधान पर विमर्श को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम के अध्यक्ष चर्चित कथाकार सुधेन्दु ओझा ने कहा कि लघुकथा की शब्द सीमा को लेकर समीक्षकों के बीच अभी तक एकराय क़ायम नहीं हो पायी है। कोई 500 शब्दों में लिखी कथा को लघुकथा बता रहा है तो कोई 1000 शब्दों में लिखी कथा को। इस संबंध में कुछ स्पष्ट नियम तय किए जाने आवश्यक हैं। इससे पूर्व सुरेंद्र अरोड़ा व ओमप्रकाश कश्यप ने पुस्तक में वर्णित लघुकथाओं के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
‘अंधेरों से आगे’ के संग्रहकर्ता विष्णु सक्सेना ने अपनी दो लघुकथाओं का अपने अंदाज में पाठ भी किया। इस अवसर पर आयोजित काव्य गोष्ठी में डॉ योगेंद्र दत्त शर्मा, वेद शर्मा वेद, जगदीश पंकज, डॉ आर के भदौरिया, नेहा वैद, अवधेश सिंह बंधुवर, तूलिका सेठ, प्रतिभा पुष्प ने काव्य पाठ किया। संचालन अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान के महासचिव प्रवीण कुमार ने किया। कार्यक्रम में वीना सक्सेना, सुरुचि सक्सेना, निधि राज व रूपक राज आदि साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*