नि:शुल्क सिलाई केंद्र का शुभारंभ, पदाधिकारी सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। श्री भक्त हनुमान सेवा समिति ट्रस्ट (रजि.) अलीगढ़ द्वारा महिला प्रकोष्ठ के तहत मोहल्ला राधा कृष्ण, खुर्जा में नि:शुल्क सिलाई केंद्र की स्थापना की है। संस्थापक चंद्र मोहन मित्तल एवं मुख्य संरक्षक डीसी गुप्ता ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मित्तल ने बताया कि गरीब एवं जरूरतमंद कन्याओं के लिए सिलाई केंद्र में तीन माह का निशुल्क प्रशिक्षण पाठ्यक्रम प्रशिक्षिक पूजा अग्रवाल के निर्देशन में संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. साधना अग्रवाल भी मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि केंद्र के शुभारंभ के प्रथम दिवस ही कई बालिकाओं के पंजीकरण फॉर्म भरे गए तथा प्रदेश कार्यकारिणी की टीम द्वारा उनका तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संस्थापक चंद्र मोहन मित्तल द्वारा शपथ दिलाई गई तथा सभी पदाधिकारियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक डीसी गुप्ता, संरक्षक उमाशंकर, जिलाध्यक्ष बसंत कानोडिया, जिला उपाध्यक्ष नवीन बंसल, जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप पंडित, नगर अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*