राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
जौनपुर। पुलिस ने पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या के साजिशकर्ता व पुलिस कस्टडी से फरार मुख्य आरोपी जमीरुद्दीन कुरैशी को शनिवार की रात पुन: गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी महाराष्ट्र के ठाणे से की गई है और आरोपी को पुन: ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जौनपुर के इमरानगंज बाजार में भाजपा नेता व पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की सोमवार, 13 मई 2024 की सुबह करीब साढ़े नौ बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 14 मई की देर रात मास्टर माइंड जमीरुद्दीन कुरैशी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद बीते गुरुवार को पुलिस कस्टडी न्यायालय सीजेएम ठाणे महाराष्ट्र से ट्राजिंट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को थाना शाहगंज जौनपुर ला रहे थे। रास्ते में मध्य प्रदेश के खंडवा रेलवे स्टेशन पर जमीरुद्दीन टायलेट जाते समय ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल शर्मा ने कई टीमों का गठन किया था।
आखिरकार पुलिस ने शनिवार को जमीरुद्दीन कुरैशी को पुन: महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार कर लिया है। बाकी के आरोपियों की तलाश की जा रही है, वहीं आशुतोष श्रीवास्तव के भाई संजय श्रीवास्तव बहुत निराश हैं। उन्होंने कहा है कि इस मामले से जुड़े सभी आरोपी भूमाफिया और गो-तस्कारी से जुड़े हुए हैं। उनके हाथ बहुत लंबे हैं। संजय ने यह भी बताया कि आशुतोष श्रीवास्तव ने घटना से पहले अपनी हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी। इसके बावजूद पुलिस ने इस मामले में लगातार लापरवाही बरती। उन्हें बहुत कम उम्मीद है कि समय से न्याय मिल पाएगा।


Leave a Reply