राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीआईआईटी कॉलेज ग्रेटर नोएडा द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉक्टर भरत सिंह ने सभी अतिथियों एवं योग प्रशिक्षकों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आप जैसे समाज सुधारक एवं बुद्धिजीवी इस अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर पीआईआईटी शिक्षण संस्थान में आए और हमारा व हमारे बच्चों का मार्गदर्शन किया। हम इसके लिए आपका तहे दिल से आभार प्रकट करते हैं।
शुक्रवार, 21 जून को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ बलवंत सिंह राजपूत पूर्व कुलपति कुमायूं एवं गढ़वाल यूनिवर्सिटी उत्तराखंड, कौशिक कुमार दत्त वरिष्ठ अधिवक्ता सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली और संजना खातून निर्देशक फ्री-ए-गर्ल इंडिया नॉन गवर्नमेंट ऑर्गेनाइजेशन रहे। मंच का संचालन प्रोफेसर बी. एस. रावत अधिवक्ता ने किया। योग परीक्षक के रूप में प्रख्यात योग ट्रेनर जतनवीर सिंह चौधरी, मैडम संतोष चौधरी, सिद्धनाथ चतुर्वेदी एवं सुखपाल सिंह उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर बलवंत सिंह राजपूत ने योग को सफल एवं स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि योग ही एकमात्र वह साधना है जो आत्मा का परमात्मा से मिलन करता है। भारतीय षष्ठ दर्शनों में योग भी एक महत्वपूर्ण दर्शन है, जिसके जन्म और विकास का श्रेय भारत को जाता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन एवं वरिष्ठ पत्रकार नंद गोपाल वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पहले उन्हें कालेज के चेयरमैन डॉक्टर भरत सिंह द्वारा पुष्प गुच्छ व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
योग कार्यक्रम में ट्रेनरों ने विभिन्न आयाम एवं प्राणायाम का अभ्यास भी कराया। बच्चों एवं शिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, कपालभाति आदि आसान व प्राणायाम का भरपूर लाभ उठाया। संस्थान की समन्वयक श्रीमती मिथिलेश एव वित्तीय कंट्रोलर श्रीमती जागेश ने वंदे मातरम गीत प्रस्तुत किया। संस्थान के विद्यार्थियों ने योगा दिवस पर पोस्टर मेकिंग व चार्ट बनाए, जिनका मुख्य संदेश- ‘करो योग रहो निरोग’ रहा। संस्थान के निदेशक आरके शाक्य ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों के प्रति उनका आभार जताया।


Leave a Reply