राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने युवाओं को दिया समरसता का मंत्र

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खुरजा नगर द्वारा जंक्शन रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में विशाल युवा एकत्रिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारम्भ संघ की शाखा पद्धति के अनुसार हुआ। शाखा की गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में शारीरिक सुदृढ़ता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना एवं सामाजिक समरसता के संस्कार विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बुलंदशहर विभाग के विभाग प्रचारक विकास जी उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को समरसता का मंत्र देते हुए कहा कि यदि युवा शक्ति सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के साथ आगे बढ़े तो भारत विश्व में पुनः अपने गौरवशाली स्थान को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र को परम वैभव तक पहुँचाना है।
मुख्य वक्ता ने कहा कि आज का युवा केवल आधुनिकता की ओर न बढ़े, बल्कि अपनी संस्कृति, परम्पराओं एवं सनातन मूल्यों से भी जुड़ा रहे। भारत की संस्कृति विश्व को मानवता, परिवार व्यवस्था, समरसता एवं “वसुधैव कुटुम्बकम्”का संदेश देती है। युवाओं का दायित्व है कि वे भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सकारात्मक वातावरण निर्मित करें।
कार्यक्रम में संघ के अनेक दायित्ववान कार्यकर्ता, स्वयंसेवक, नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*