कृतिका राय ने गाजीपुर का नाम किया गौरवान्वित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजीपुर के गांव चकअहमद कलां की बेटी कृतिका राय ने कैट की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता पर पूरा गांव और परिवार खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
कृतिका राय की माता श्रीमती सिन्धु राय चकअहमद कलां की ग्राम प्रधान हैं और पिता विमलेश राय प्रधान संघ भांवरकोल ब्लॉक के अध्यक्ष हैं। कृतिका ने कैट की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक पाकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें देश के चार भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) से प्रवेश के लिए काल आई थी, जिसमें भारतीय प्रबंध संस्थान बोधगया को प्रथम वरीयता देकर कृतिका ने प्रवेश लिया है।
कृतिका अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सभी सदस्यों को देते हुए कहती हैं, “अगर ईमानदारी एवं सच्ची लगन के साथ कोई कार्य किया जाय तो सफलता जरूर मिलती है।” कृतिका की इस उपलब्धि पर चकअहमद कलां गांव के निवासी साहित्यकार एवं अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा गौतमबुद्ध नगर के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शरद चन्द्र लाल ने उन्हें अपना स्नेह और आशीष देते हुए बधाई दी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*