योगी का 40 मिनट के रोड शो में 50 जगह स्वागत, नहीं मिल सके कायस्थ

जितेन्द्र बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम लाइनपार क्षेत्र में चाणक्य चौक से डीएवी चौक तक रोड शो किया। इस 1200 मीटर के रूट पर भाजपा के कार्यकर्ता दोपहर से ही 50 जगह मंच लगाकर खड़े रहे। पौने पांच बजे खुली जिप्सी में योगी आदित्यनाथ जैसे ही पहुंचे, जय श्री राम के नारों से लाइनपार क्षेत्र गूंज उठा। 40 मिनट के रोड शो में करीब 50 जगह भाजपा के कार्यर्ताओं ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर योगी का स्वागत किया।
भगवा रंग में रंगी खुली जिप्सी में सीएम योगी के साथ काबीना मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया और सदर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार संजीव शर्मा उपस्थित रहे। जबकि राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, ब्रजेश सिंह, महापौर सुनीता दयाल, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, पूर्व महापौर आशा शर्मा, आशु वर्मा भी रोड शो में मौजूद थे। कड़े सुरक्षा घेरे में सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का सीएम योगी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार करते रहे। इस बीच डीजे पर ‘योगी को लाए हैं, योगी लाना है…’ जैसे गीत गूंजते रहे।
मुस्लिम समाज ने भी बरसाए फूल :
1200 मीटर के रोड शो पर मुस्लिम समाज ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फूल बरसाकर स्वागत किया। भाजपा नेता हाजी जमालुद्दीन सिद्दिकी, एडवोकेट जावेद सैफी और रिजवान खान के साथ बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा व्यापार मंडल, आरडब्ल्यूए, ई-रिक्शा एसोसिएशन, ऑटो चालक संगठन, रेहड़ी-पटरी संगठन आदि के नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गुटबाजी में नहीं मिला महत्व :
गाजियाबाद में कायस्थों की अच्छीखासी संख्या है। लेकिन कोई सर्वमान्य नेता नहीं है। गुटबाजी में सभी बंटे हुए हैं। एक सज्जन बाबा बन गए। दूसरे अपनी खुद की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और तीसरे को कोई अपना नेता नहीं मानता। खास कर लाइनपार क्षेत्र का कायस्थ कई गुटों में बंटे होने के कारण हमेशा उपेक्षित रहता है। योगी के आने से पहले भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा ने लाइनपार क्षेत्र के कायस्थों का वोट पाने के लिए इन सभी को एक करने की बड़ी कायवद की। कुछ कायस्थों की संस्थाओं व संगठनों के पदाधिकारियों से भी मिले। स्थानीय पार्षद संतोष राणा अलग प्रयास करते रहे। इसके बावजूद कायस्थ एक नहीं हैं। सभी अपनी-अपनी डफली अपना-अपना राग अलपते रहे। योगी आए और चले गए, कोई भी कायस्थ उनसे नहीं मिल सका। सड़क किनारे खड़े अधिकतर लोग महज वीडियो ही बनाते रहे।
अन्य समाज पर छाया योगी का जादू :
शनिवार, 16 नवंबर को गाजियाबाद के अन्य समाज वालों पर सीएम योगी का जादू खूब चला। कुछ लोगें ने मोबाइल का टॉर्च जलाकर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। ‘योगी जी आए हैं, योगी ही आएंगे। संतों की नगरी को, बाबा ही चलाएंगे। योगी-मोदी जिंदाबाद… आदि गीतों पर युवा थिरकते दिखे। आम जनमानस ‘एक ही नारा, एक ही नाम- जय श्रीराम, जय श्रीराम, योगी जी जय श्रीराम’ आदि नारों से संबोधित करती रही। सीएम योगी के वाहन के दोनों तरफ उमड़ी जनता उनकी एक झलक पाने को आतुर दिखी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*