जितेन्द्र बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। संजीव शर्मा गाजियाबाद के नए विधायक चुन लिए गए हैं। उन्होंने विधानसभा के उप चुनाव में समाजवादी पार्टी के सिंह राज जाटव को 69 हजार से अधिक मतों से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। देश की अग्रणी संस्था समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने संजीव शर्मा को उनकी जीत पर बधाई दी है। वहीं संजीव शर्मा ने शनिवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता रहेगी। वह दो साल में पांच साल के बराबर विकास करेंगे।
23 नवंबर को उप चुनाव के नतीजे आते ही बीजेपी प्रत्याशी संजीव शर्मा गाजियाबाद के नए विधायक बन गए हैं। उन्होंने उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के सिंह राज जाटव को 69 हजार से अधिक मतों से हराया है। भाजपा प्रत्याशी रहे संजीव शर्मा को 96,878 मत मिले, जबकि सपा प्रत्याशी सिंह राज को 27174 मत हासिल हुए और तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी पीएन गर्ग रहे, जिन्हें महज 10729 मत मिले हैं।
गाजियाबाद के बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक संजीव शर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से कहा कि हम दो साल के कार्यकाल में पांच साल जितना विकास कराने की कोशिश करेंगे। दूधेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर बनवाना है। महामाया स्टेडियम में खेल की सुविधाओं को और बेहतर कराने का प्रयास किया जाएगा। लाइनपार क्षेत्र में जल निकासी का मुद्दा है, जिसके समाधान का प्रयास करुंगा। नाले-नालियों का निर्माण और विजयनगर प्रताप विहार क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर कराने के लिए गंगाजल उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में एम्स का सेटेलाइट सेंटर बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की है, उसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कराने का प्रयास करूंगा।

Leave a Reply