हिंदी अकादमी दिल्ली प्रसिद्ध व्यंग्यकार सुभाष चंदर को करेगी पुरस्कृत

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। हिंदी अकादमी दिल्ली द्वारा गाजियाबाद के नवरत्नों में शुमार देश के प्रसिद्ध व्यंग्यकार सुभाष चंदर को हास्य व्यंग्य सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्हें इस सम्मान के साथ-साथ एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। सुभाष चंदर के अलावा अकादमी ने 44 और प्रमुख कवियों, साहित्यकारों, लेखकों और पत्रकारों को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि हिंदी अकादमी द्वारा साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में रचनात्मक भूमिका निभाने और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए हिन्दी के साहित्यकारों, पत्रकारों, कवियों एवं लेखकों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में कोरोना की चुनौतियों एवं अन्य कारणों से पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन में बाधा आयी थी, इसलिए इस बार हिन्दी अकादमी ने तीन वर्षों के लिए एकसाथ पुरस्कारों की घोषणा की पहल की है।
हिंदी अकादमी दिल्ली के उपाध्यक्ष पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा के अनुसार, शलाका सम्मान प्रोफ़ेसर निर्मला जैन, अशोक वाजपेयी और चित्रा मुद्गल को प्रदान किया गया। बाल स्वरूप राही, ममता कालिया, अशोक चक्रधर, संतोष आनंद, महेश गर्ग बेधड़क, सुभाष चंदर, श्रीनिवासराव समेत कुल 45 प्रमुख कवियों, साहित्यकारों, लेखकों और पत्रकारों को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा।
गाजियाबाद के सुभाष चंदर 50 से अधिक पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने रेडियो एवं टेलीविजन के लिए अनेक धारावाहिकों का लेखन भी किया है। इससे पहले उन्हें उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का पं. श्रीनारायण चतुर्वेदी सम्मान, व्यंग्य श्री सम्मान, इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय पुरस्कार, हरिशंकर परसाई सम्मान आदि अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*