दीपक मीणा ने DM गाजियाबाद का कार्यभार संभाला, जनसुनवाई पहली प्राथमिकता

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। आईएएस दीपक मीणा ने सुबह दस बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी गाजियाबाद का पदभार संभाल लिया। इससे पहले एडीएम-ई रणविजय सिंह, एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, एडीएम सिटी गम्भीर सिंह, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, सीटीओ श्रीमती पुष्पांजलि एवं जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित कई अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर नवनियुक्त डीएम का स्वागत-सत्कार किया। इस अवसर पर दीपक मीणा ने जनसुनवाई को पहली प्राथमिकता बताई है।
उल्लेखनीय है कि 2011 बैच के आईएएस दीपक मीणा गाजियाबाद से पहले मेरठ के जिलाधिकारी थे। वह तेज-तर्रार और स्वच्छ छवि के माने जाते हैं। मूलत: राजस्थान के रहने वाले हैं। उन्होंने खड़गपुर आईआईटी से बीटेक (इलेक्ट्रिकल) किया है। बीटेक करने के बाद मीणा ने टाटा स्टील में कैंपस प्लेसमेंट ले लिया था लेकिन नौकरी के साथ-साथ उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। कड़ी मेहनत से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी की और 2011 बैच में सलेक्शन लेकर आईएएस बन गए।
2014 में दीपक मीणा आजमगढ़ में बतौर ट्रेनी आईएएस ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की पोस्टिंग पाई। उसके बाद सहारनपुर और अलीगढ़ में भी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रहे। फिर उसी साल मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के तौर पर बुलंदशहर में पोस्टिंग हुई। वर्ष 2017 से 2019 तक मीणा श्रावस्ती जिले के डीएम रहे। उसके बाद सिद्धार्थ नगर के जिलाधिकारी रहे।
14 अप्रैल, 2022 को दीपक मीणा मेरठ के जिलाधिकारी बनाए गए। गुरुवार 16 जनवरी 2025 की देर रात उनका स्थानांतरण गाजियाबाद कर दिया गया। अब वह गाजियाबाद के नवनियुक्त डीएम हैं। निवर्तमान जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह को मंडी परिषद में सचिव बनाया गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*