राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक के स्काई टेक फेज 2 सोसाइटी में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। करीब-करीब यहां के सभी निवासियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। सुबह की शुरुआत की थीम वॉकथन थी, जिसमें प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने की कोशिश की गई। कई अन्य सोसाइटियों के लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
तिरंगा रैली निकाली गई। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत और प्रदूषणमुक्त भारत के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए सोसाइटी के बाहर क्रॉसिंग के मुख्य मार्ग पर भी मार्च किया गया। वहां से लौटकर सोसाइटी में एओए अध्यक्ष अनुरंजन श्रीवास्तव ने झंडा फहराया।
अनुरंजन श्रीवास्तव के अनुसार पूरी सोसाइटी को रविवार को तिरंगे और गुब्बारों से सजाया गया। स्पीच, देशभक्ति के गीत और नृत्य के अलावा विभिन्न प्रकार के खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सोसाइटी के हर उम्र के लोगों ने पुरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ए.ओ.ए. सदस्यों के अलावा कल्चरल टीम के सदस्य मुख्यत: नीतू रावत, मधुलिका श्रीवास्तव, नीलम गुप्ता, पूजा त्यागी, अन्नू चौहान, मोनिका बग्गा, किरण पांडे, रिचा बल्लभ, मीतू लाभ सहित कई अन्य लोग भी शामिल रहे।

Leave a Reply