संजय सिंह यादव
मुम्बई। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल शुक्रवार को खत्म हो जाएगा। राज्य में सरकार बनेगी या राष्ट्रपति शासन लागू होगा, इस बारे में भी आज सस्पेंस खत्म हो सकता है। कल यानी गुरुवार को राज्यपाल बीएस कोश्यारी ने कानूनी पहलुओं और संवैधानिक मुद्दों पर महाधिवक्ता आशुतोष कुंभकोणी से राजभवन में चर्चा की थी। इस बीच भाजपा और शिवसेना के बीच तनातनी चरम पर पहुंच चुकी है। इसे देखते हुए जल्द सरकार गठन के आसार कम हैं और राष्ट्रपति शासन की आशंका गहराने लगी है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी, लेकिन सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया। एक ओर शिवसेना अपना मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर अड़ी हुई है तो दूसरी ओर भाजपा सीएम पद पर किसी समझौते को तैयार नहीं दिख रही है। इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा है कि हम राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा करने नहीं जा रहे हैं। भाजपा किसी भी सूरत में अल्पमत की सरकार नहीं बनाएगी।


Leave a Reply