महिला बाल विकास के लिए प्रतिबद्ध है महिला जागृति संस्था: जितेन्द्र बच्चन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
पटना। महिला सशक्तिकरण व सामाजिक विकास के लिए ‘महिला जागृति संस्था’ का गठन किया गया है। वरिष्ठ पत्रकार ‘भारत गौरव’ जितेन्द्र बच्चन को संस्था का राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक बनाया गया है। उन्होंने समाजसेवी व पत्रकार भानु शरण को संस्था का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित करते हुए कहा है कि श्री शरण ‘महिला जागृति संस्था’ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का शीघ्र ही गठन करेंगे। साथ ही संस्था से उन लोगों को जोड़ा जाएगा जो महिलाओं के उत्थान व बाल विकास के लिए समाज में समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।
श्री बच्चन ने ‘महिला जागृति संस्था’ पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था का कार्यक्षेत्र संपूर्ण भारत है। संस्था पूरी तरह से महिलाओं के उत्थान और बाल विकास के लिए समर्पित है। इससे जुड़े सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए प्रतिबद्ध होंगे। उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना संस्था की पूर्ण जिम्मेदारी है। संस्था का एक व्यापक दृष्टिकोण है, जो विभिन्न प्रकार की पहलों और योजनाओं के माध्यम से महिलाओं व बच्चों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी।
‘महिला जागृति संस्था’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु शरण ने बताया कि संस्था के राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक डॉ जितेन्द्र बच्चन देश के सर्वश्रेष्ठ संगठन ‘समाज कल्यण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और कई अन्य संस्थाओं से भी जुड़े हैं। उन्होंने समाज की हर जरूरतमंद महिलाओं व बच्चों के लिए सरकार व समाज के माध्यम से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। भानु शरण ने बताया कि जितेन्द्र बच्चन की सलाह पर अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय श्रीवास्तव और सुरक्षा समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिपिन श्रीवास्तव को ‘महिला जागृति संस्था’ का राष्ट्रीय संरक्षक मनोनीत किया गया है। इसके अलावा जल्द ही हर प्रदेश व जिले में संस्था की टीम गठित की जाएगी।
भानु शरण के अनुसार, ‘महिला जागृति संस्था’ को राम जानकी संस्थान की सचिव श्रीमती अपर्णा बाला, पश्चिमी चंपारण के समाजसेवी मंजय सिंह, पूर्वी चंपारण से सतेंद्र नाथ वर्मा, यूपी के क्षेत्रीय पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पत्रकार कमल पटेल, पत्रकार ब्रजेश मिश्रा और सीतामढ़ी की जिला नेत्री व समाज सेविका श्रीमती पूनम पटेल का सहयोग प्राप्त है। आशा है कि इन सभी के माध्यम से और बेहतरीन लोगों को भी संस्था से जोड़ा जाएगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*