राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। पीआईआईटी कॉलेज ग्रेटर नोएडा द्वारा 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। योग निर्देशक के रूप में उपस्थित एसएन चतुर्वेदी, योग गुरु विनोद एवं जितेंद्र ने विभिन्न योग एवं प्राणायाम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। साथ ही योग का अभ्यास कराते हुए उसके लाभ के बार में बताया।
शनिवार, 21 जून को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमाऊं गढ़वाल यूनिवर्सिटी उत्तराखंड के पूर्व कुलपति प्रोफेसर (डॉ) बलवंत सिंह राजपूत और विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद साहू, वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन व दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अनुराग मिश्रा उपस्थित रहे। PIIT के चेयरमैन प्रोफेसर डॉ. भरत सिंह ने उपरोक्त अतिथियों का शाल एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत-सम्मान किया और उनके प्रति आभारत भी जताया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजपूत ने योग के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग दर्शन भारतीय षष्ठ दर्शनों में से एक महत्वपूर्ण दर्शन है, जिसका जनक भारत है। आज संपूर्ण विश्व में योग का गुणगान हो रहा है, जिसका संपूर्ण श्रेय भारत को जाता है। भाजपा नेता आनंद साहू ने योग क्रियाओं के लाभ से अवगत कराया और स्पष्ट किया कि भारत सरकार जन-जन तक योग को पहुंचाने के लिए संकल्पित व प्रतिबद्ध है। उन्होंने जहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है, वहीं समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व आज के योग कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने सभी को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया।
मंच संचालन प्रोफेसर बीएस रावत ने किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्र को समर्पित एवं स्वेच्छिक संगठन ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ आगामी 10 अगस्त को PIIT कॉलेज परिसर में ‘राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन कर रहा है। जिसमें देश के कई राज्यों में अलग-अलग विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को अवार्ड प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर मैडम मिथिलेश एवं जागेश ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम एवं योग गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आरके शाक्य ने सभी को योग करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में संस्थान के सभी प्राध्यापक, सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply