राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो प्रमुख
गाजियाबाद। नए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर ने बुधवार की शाम गाजियाबाद का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह प्रसिद्ध सिद्ध पीठ दूधेश्वर नाथ मंदिर गए और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर महंत नारायण महाराज का आशीर्वाद लिया। नविनियुक्त डीएम श्री मंदर गाजियाबाद के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि राज्य सरकार की सभी योजनाएं पारदर्शिता और प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आम लोगों तक पहुंचे। हम सभी हितधारकों को साथ लेकर समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
जिलाधिकारी मंदर ने जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान करने और जनपद का सभी क्षेत्रों में विकास करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जनपद के किसानों, युवाओं, उद्यमियों समेत आम जनता की समस्याओं का निस्तारण करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि जयपुर में जन्मे रविंद्र कुमार मंदर 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। गाजियाबाद से पहले सितंबर 2024 से अब तक प्रयागराज के डीएम रहे। वहां उन्होंने पंचायत राज विभाग की शिकायतों की जांच करा प्रशासनिक चुस्ती दिखाई थी। इससे पहले रामपुर, जौनपुर और मथुरा में भी डीएम व नगर आयुक्त रह चुके हैं। इन जिलों में तैनाती के दौरान उन्होंने विकास से संबंधित कई कार्य किए हैं।
फिलहाल, गाजियाबाद में रविंद्र मंदर के समक्ष कई अहम चुनौतियां हैं। यातायात प्रबंधन, बुनियादी अवसंरचना का विकास, ग्रेटर गाजियाबाद प्रोजेक्ट और नगरीय सुविधाओं का विस्तार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाल ही में घोषित ग्रेटर गाजियाबाद परियोजना को तेजी से धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी भी अब नए जिलाधिकारी के कंधों पर है। देखना है कि वह कितने सफल होते हैं। ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ परिवार नवनियुक्त डीएम रविंद्र कुमार मंदर को बधाई देता है।


Leave a Reply