SKFI के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष विनोद सिन्हा का निधन, पत्रकार जगत में शोक

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
कोरबा (छत्तीसगढ़)। पंप हाउस कॉलोनी निवासी व समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष व पत्रकार विनोद कुमार सिन्हा का हृदयघात से निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे और कोसाबाड़ी स्थित नख अस्पताल में बुधवार, 30 जुलाई की शाम पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पत्रकार जगत में शोक की लहर छा गई है।
गुरुवार की सुबह विनोद सिन्हा के छोटे दामाद श्री शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को यह दुखद सूचना दी। श्री सिन्हा कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। उनके शोक-संतप्त परिवार में पत्नी और तीन पुत्रियां हैं। श्रीवास्तव के अनुसार, विनोद सिन्हा बुधवार को पंप हाउस कॉलोनी स्थित अपने निवास पर ही थे। शाम को उनकी तबियत बिगड़ते ही उन्हें कोसाबाड़ी के नख अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्री सिन्हा को मृत घोषित कर दिया।
विनोद सिन्हा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष , पूर्वांचल विकास समिति के वरिष्ठ सक्रिय सदस्य और ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल के भी वरिष्ठ सदस्य थे। सामाजिक सेवाभाव के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। उनके आकस्मिक निधन से उनके शुभचिंतकों को गहरा सदमा लगा है।

समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 2 मार्च, 2025 को विनोद सिन्हा को समाज रत्न से किया था सम्मानित


राष्ट्रीय पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने बताया कि विनोद सिन्हा सच्चे मायने में एक ऐसे समाजसेवी थे, जो लोगों के हितों के की रक्षा के लिए जीवन पर्यंत काम करते रहे। राष्ट्रीय स्वेच्छिक संगठन ‘समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए 2 मार्च, 2025 को गाजियाबाद में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें ‘समाज रत्न’ अवार्ड से सम्मानित किया था।
डॉ बच्चन के अनुसार, विनोद सिन्हा ने पत्रकारिता जीवन में कई अखबारों के लिए काम किया और समाज के विभिन्न मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहते थे। श्री सिन्हा छत्तीसगढ़ अखबार वितरकों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करते रहे और उनके हितों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर रखा था। डॉ. बच्चन ने श्री सिन्हा के निधन पर शोक जताते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*