गंदगी व गैंगेस्टर नहीं, विकास से जुड़ी गाजियाबाद की पहचान : सीएम योगी

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में किया ‘भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेन्द्र मोदी’ पुस्तक का विमोचन
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद की सराहना करते हुए कहा है कि अब गंदगी और गैंगेस्टर नहीं, बल्कि शिक्षा व उद्योग से जुड़ी गाजियाबाद की पहचान। वह शुक्रवार को गाजियाबाद में थे। यहां उन्होंने पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर द्वारा लिखित पुस्तक ‘भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेन्द्र मोदी’ का विमोचन किया।
सीएम योगी ने कहा कि लिखना एक साधना है और यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अब तक की उपलब्धियों को संजोने वाली प्रेरणादायी कृति है। उन्होंने सुझाव दिया कि इसे विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और पुस्तकालयों में रखा जाए ताकि नई पीढ़ी प्रेरणा ले सके। वहीं उन्होंने युवाओं से एआई और उभरती हुई तकनीकी ज्ञान को अपनाने का आह्वान किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने वाला है। उत्तर प्रदेश भी तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
योगी ने ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को आगे बढ़ाने और युवाओं को तकनीक से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल टेक्नोलॉजी को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी रोजगार छीनती नहीं बल्कि नए अवसर पैदा करती है। जिस तरह कंप्यूटर आने पर नई संभावनाएं बनीं, उसी तरह एआई भी कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई दिशा देगा। किसान यदि तकनीक अपनाएंगे तो उनकी उत्पादकता तीन गुना तक बढ़ सकती है।
सीएम योगी ने कहा कि यूपी का युवा, किसान, नारी शक्ति और उद्यमी हमारी ताकत हैं। उन्होंने सभी से समर्थ यूपी पोर्टल पर अपने सुझाव अवश्य देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर जिले से तीन श्रेष्ठ सुझावों को जनपद स्तर पर और पांच श्रेष्ठ सुझावों को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री सुनील कुमार शर्मा, नरेन्द्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, राजकुमार सांगवान, नारायण गिरी जी महाराज, बीजेपी क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसोदिया, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायकण संजीव शर्मा,अजीत पाल त्यागी, नंद किशोर गुर्जर, धर्मेश तोमर, धर्मेन्द्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिलाध्यक्ष जयंत पाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, संयोजक और पुस्तक के लेखक पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर, पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल सहित गाजियाबाद के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*