ग्रेटर नोएडा के इंटरनेशनल ट्रेड शो में ‘यूपी का स्वाद’ बेमिसाल

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का सबसे आकर्षक पहलू इस बार का फूड कोर्ट बन गया है। यहां लगे ‘यूपी का स्वाद’स्टॉल्स पर प्रदेश के हर कोने से लाए गए परंपरागत व्यंजन लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। उत्तर प्रदेश के खाने-पीने के जायकों ने देश-दुनिया को मोह लिया है।
फूड कोर्ट में बेहतरीन इंतजाम है। एक ही जगह पूरे प्रदेश का जायका मिल जाता है। मुरादाबाद की दाल और बिस्किट रोटी, लखनऊ का मशहूर गालौटी कबाब और टुंडे कबाब से लेकर लखनवी बिरयानी तक यहां मौजूद है। बनारस का पान, टमाटर चाट और कुल्हड़ वाली चाय लोगों की खास पसंद बन रहे हैं। कानपुर की दही जलेबी और समोसा चाट, आगरा का पेठा और बेडाई, मथुरा का पेड़ा, प्रयागराज का तहरी और लस्सी, गोरखपुर का ठेकुआ और बलिया का लिट्टी-चोखा बड़ी संख्या में आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं। मेरठ की रबड़ी और गजक, अयोध्या की गुजिया और देसी घी की मिठाइयां व बरेली की आलू टिक्की और सीक कबाब मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।
यूपीएसआरएलएम (उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन) की ओर से भी विशेष फूड स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें ग्रामीण महिलाओं और उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजन आगंतुकों को खूब पसंद आ रहे हैं। ये स्टॉल न सिर्फ स्वाद परोस रहे हैं बल्कि आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की झलक भी पेश कर रहे हैं। ‘यूपी की खाऊ गली’सेक्शन में बनारस, कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, बलिया, गोरखपुर और गाजीपुर के स्वादिष्ट व्यंजन पेश किए जा रहे हैं। शाम होते ही यहां तिल रखने की जगह नहीं बचती। हर कोई अपने परिवार और दोस्तों संग चाट, मिठाई और पेय पदार्थों का आनंद ले रहा है। हर कोई कह रहा है यूपी का स्वाद बेमिसाल है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*