गाजियाबाद चित्रगुप्त सभा ने सामूहिक कलम-दवात पूजा एवं 7वें वार्षिकोत्सव को लेकर किया विचार-विमर्श

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
-23 अक्टूबर को कलम-दवात पूजा एवं 21 दिसंबर को मनाया जाएगा 7वां विराट वार्षिकोत्सव
-संगत पंगत व सम्मान समारोह में तामिलनाडु, महारष्ट्र, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, असम और बंगाल के कायस्थ परिवार भी करेंगे शिरकत
गाजियाबाद। कायस्थ समाज के उत्थान के लिए बेहतरीन कार्य कर रही संस्था ‘गाजियाबाद चित्रगुप्त सभा’ 23 अक्टूबर को सामूहिक कलम-दवात पूजा एवं 21 दिसंबर को संस्था का 7वां विराट वार्षिकोत्सव के साथ-साथ संगत-पंगत व सम्मान समारोह का भी आयोजन कर रही है। इसी की तैयारी को लेकर रविवार, 28 सितंबर की सुबह वसुंधरा सेक्टर-16 स्थित चावला वेज रेस्टोरेंट में कोर कमेटी की एक बैठक की गई, जिसमें सदस्यों के साथ पदाधिकारियों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
उत्कृष्टता के लिए प्रतिभाओं को करेंगे सम्मानित :
बैठक की अध्यक्षता गाजियाबाद चित्रगुप्त सभा के मुख्य संयोजक अनुरंजन श्रीवास्तव ने की तो मेजबानी वैशाली कायस्थ क्लब के द्वारा की गई। अनुरंजन श्रीवास्तव ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि गाजियाबाद चित्रगुप्त सभा सामाजिक समरसता कायम करने के लिए हर वर्ष सभी सहयोगी कायस्थ संगठनों व संस्थाओं के साथ मिलकर दिसम्बर महीने में वार्षिकोत्सव व सम्मान समारोह का आयोजन करती है। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा समाज के प्रतिभाशाली व उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं, बुजुर्ग दंपत्तियों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्म्मानित किया जाता है। साथ ही इस अवसर पर राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक, मीडया आदि क्षेत्रों की प्रतिष्ठित व नामचीन हस्तियां मंच साझा कर कार्यक्रम की शोभा बढाते हैं।
भगवान चित्रगुप्त पूजन को लेकर हजारों परिवार उत्साहित :
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष गाजियाबाद जिले में कई स्थानों पर यम द्वितिया (भैया दूज वाले दिन) को कायस्थ संस्थाओं द्वारा कलम– दवात व चित्रगुप्त पूजा का आयोजन किया जाता है। शहर के करीब 50 हजार से ज्यादा कायस्थ परिवारों में भगवान चित्रगुप्त पूजा को लेकर उत्साह और उमंग रहता है। शहर में चार-पांच स्थानों पर भगवन चित्रगुप्त की प्रतिमा बैठाकर भव्य पूजन समारोह करने के अलावा 15-16 जगह सामूहिक कलम– दवात पूजन का आयोजन होता है। इसके अगले दिन मूर्ति विसर्जन किया जाता है।
सहयोगी संस्थाएं भी उत्सुक :
अनुरंजन श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष 23 अक्टूबर को सामूहिक कलम-दवात पूजा एवं रविवार, 21 दिसंबर को संस्था का 7वां विराट वार्षिकोत्सव के साथ संगत-पंगत व सम्मान समारोह को सफल बनाने के लिए सभी सदस्य व सहयोगी संस्थाए काफी उत्सुक हैं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी कार्यक्रम में गाजियाबाद के अलावा तामिलनाडु, महारष्ट्र, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, असम और बंगाल के कायस्थ परिवार शामिल होंगे।
रविवार की बैठक में मुख्य रूप से रहे शामिल :
बैठक में मुख्य रूप से अमिताभ कुमार, विकल कुलश्रेष्ठ, पुनीत सक्सेना, विशाल गौतम, डॉक्टर गौरव सक्सेना, रूपेश वर्मा, राजेश श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, वरुण सक्सेना, संदीप श्रीवास्तव, संतोष कुमार, विधान श्रीवास्तव, रमेश श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, पी.के. सिन्हा आदि उपस्थित रहे। इन सभी ने कर्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। अमिताभ श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार जताते हुए बैठक का समापन किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*