राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नागौर। राजस्थान के जनपद नागौर के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) के वरिष्ठ सदस्य ललित कुमार आचार्य को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 2025 के अवसर पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित द्वारा आचार्य को उनके गौरैया संरक्षण अभियान के लिए प्रदान किया गया है।
बुधवार, 1 अक्टूबर को नागौर के कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित यह कार्यक्रम एक सम्मानजनक और सक्षम पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को उजागर करेगा। उन्होंने ललित आचार्य के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका गौरैया संरक्षण अभियान समाज व पर्यावरण दोनों के लिए प्रेरणादायी है।
उल्लेखनीय है कि ललित कुमार आचार्य वर्षों से ‘गौरैया बचाओ’ अभियान चला रहे हैं। गौरैया पक्षी के लगातार लुप्त होने के खतरे को देखते हुए उन्होंने गौरैया हाउस बनाने की अनूठी पहल की है। विशेष बात यह है कि गौरैया का घर वह आम लोगों को पूरी तरह निःशुल्क बांटते हैं। उनके इस प्रयास से न केवल गौरैया संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि लोगों में पर्यावरण व जैव-विविधता के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।


Leave a Reply