ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल ने लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती मनाई

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
-कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन रहे
ग्रेटर नोएडा। ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती मनाई गई। गुरुवार, 2 अक्टूबर को छपरौला गिरधरपुर स्थित कन्हैयाकुंज में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन रहे। उन्होंने राष्ट्रहित में देश के लाल शास्त्री जी के अविस्मरणीय योगदान को याद करते हुए कृतज्ञता व्यक्त की।
डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि संयोग से आज दशहरा महापर्व भी है। हमारे पर्व व त्योहार एकता, शांति और सौहार्द के प्रतीक होते हैं। हमें उनके इस सात्विक भाव को जीवन में उतरना चाहिए। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के श्रीचरणों में नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी को नई प्रेरणा प्रदान करता है। आप सभी को विजय दशमी की हार्दिक शुभकामनाएं!
शास्त्री जी को नमन करने से पहले ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव और अन्य उपस्थित गणमान्य लोगों ने स्थानीय चित्रगुप्त मंदिर में भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की। उसके बाद महान विभूति लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पार्चन किया गया। तत्पश्चात उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए अशोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देकर खाद्यान्न क्षेत्र में भारत के आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत किया। हम सभी उनके दिखाए रास्ते पर चलने का आज प्रण लेते हैं। देश के कायस्थों का संगठन ‘ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल’ शास्त्री जी के सपनों को साकार करेगा। संगठन का हर सदस्य कायस्थ समाज के उत्थान के लिए संकल्पित है।


संगठन के सदस्य एडवोकेट मनोज कुमार श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शास्त्री जी स्वाधीनता आंदोलन के अग्रणी पंक्ति के सेनानी थे। उन्होंने यह संदेश भी दिया कि भारत शांति का पक्षधर है, पर यदि कोई उसे पर युद्ध थोपेगा तो उसका मुंहतोड़ जवाब भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. बृज किशोर श्रीवास्तव, विनय कुमार कुलश्रेष्ठ, रीतेश कुमार श्रीवास्तव, विनय कुमार श्रीवास्तव ‘बिन्नी’, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, राजन कुमार श्रीवास्तव, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, सूरज श्रीवास्तव, लकी श्रीवास्तव, विजय कुमार चौहान, संजय लाल श्रीवास्तव, अनय श्रीवास्तव, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष मनोन कुमार श्रीवास्तव आदि गणमान्य उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*