हादसे से कराह उठी गाजियाबाद की सुबह, तीन महिलाओं की मौत

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। शनिवार की सुबह एक हादसे से पूरा शहर कराह उठा। जीटी रोड स्थित सिहानी गेट थाना अंतर्गत राकेश मार्ग कट पर एक बेकाबू कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीन महलाओं की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह 5:30 बजे का है। कोट गांव की तीन महिलाएं सावित्री देवी (65) पत्नी दरयाव सिंह, गुड्डी (58) पत्नी भगत सिंह प्रजापति और कमलेश (55) पत्नी दयानंद सुबह-सुबह सैर के लिए निकली थीं। जीटी रोड पर पहुंचते ही एक तेज रफ्तार टोयोटा ग्लास कार UP14FL – 6669 ने उन तीनों महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में सावित्री और गुड्डी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कमलेश को सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में विपिन शर्मा नामक एक युवक भी कार की चपेट में आ गया। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राकेश मार्ग कट पर तेज रफ्तार कार मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को टक्कर मारते हुए डिवाइडर से जा टकराई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो महिलाओं को तुरंत मृत घोषित कर दिया। जबकि कमलेश और विपिन शर्मा का इलाज शुरू किया गया। थोड़ी देर बाद तीसरी महिला कमलेश ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। सिहानी गेट थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी कार चालक मंजूल निवासी नेहरू नगर हादसे के समय बुलंदशहर से घर लौट रहा था। इस दुर्घटना में वह भी घायल हुआ है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*