राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित चौधरी भवन में क्षत्रिय सेवा समिति गाजियाबाद द्वारा सामूहिक वैदिक हवन एवं शस्त्र पूजन कर विजय दशमी का महापर्व मनाया गया। साथ ही कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर विधायक संजीव शर्मा रहे। उन्होंने श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया और लोगों को दशहरा एवं आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी।
गुरुवार, 2 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता धन सिंह ने किया, जबकि संचालन राजेश कुमार जादौन ने किया। विशिष्ट अतिथियों में चंद्रशेखर कुमार, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद संतोष सिंह राणा, मदन तोमर एवं अरुण सिंह ने अपने-अपने विचार रखे। सभी ने राष्ट्रहित में समाज में एकजुटता, सामाजिक समरसता बनाते हुए अगली पीढ़ी को भी सनातन, संस्कार, स्वच्छता, नागरिक कर्तव्य के प्रति जागरूक किया।
मुख्य अतिथि विधायक संजीव शर्मा एवं समिति के अध्यक्ष धन सिंह ने सम्मान समारोह में राजकीय कन्या इंटर कालेज विजयनगर की प्रिंसिपल श्रीमती विभा चौहान को क्षत्राणी वीरांगना सम्मान से नवाजा। कवि डॉ. इन्दु सेंगर, दीपक ‘दीप’, श्रीमती पूजा चौहान एवं विजय विकास त्यागी ने वीर रस की कविताएं सुनाकर उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया। इन सभी कवियों का भी समिति के पदाधिकारियों ने पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र देकर स्वागत- सम्मान किया।

कार्यक्रम में क्षत्रिय मेधावी छात्र-छात्राओं, क्षत्रिय वीरांगनाओं, क्षत्रिय वरिष्ठ नागरिकों एवं क्षत्रिय सेवा निवृति जनों को भी जहां सम्मान प्रदान किए गए, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीराम, श्री कृष्ण, पुलवामा घटनाक्रम एवं समय की पृष्ठभूमि पर आधारित कई कविताएं सुनाकर लोगों की खूब तालियां बटोरी।
अतिथियों ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए समिति से जुड़े सदस्यों एवं पदाधिकारियों धन सिंह, हरीश सेंगर, अनिल सेंगर, रविंद्र पाल सिंह, हरवंश सिंह, सुरेंद्र सिंह राजपूत, तेज प्रकाश राणा, अनिल बाबू सेंगर, केपी सिंह, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार सिंह, प्रशांत कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सेंगर एवं देवेंद्र सिंह की सराहना की है। श्रीमती रंजना सेंगर ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट कर कार्यक्रम का समापन किया।


Leave a Reply