राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष पद को लेकर संतों के बीच खींचतान

सुधांशु श्रीवास्तव
लखनऊ। भगवान राम की नगरी अयोध्या में सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर बनाने का रास्ता साफ करने के साथ ही ट्रस्ट बनाने का निर्देश दिया है। अब ट्रस्ट के अध्यक्ष पद को लेकर यहां के संतों में जोरदार खींचतान होने लगी है। अब इनके बीच वाक युद्ध भी तेज हो गया है और सभी अपना दावा भी ठोंक रहे हैं। इसी दौरान गुरुवार को महंत नृत्य गोपाल दास पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में महंत परमहंसदास को हिरासत में लिया गया।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए गठित होने जा रहे शासकीय न्यास पर दावेदारी को लेकर संतो के बीच खींचतान होने लगी है। फैसला आने के बाद से ही महंत नृत्य गोपाल दास जहां यह कह रहे हैं कि शासकीय न्यास की कोई जरूरत नहीं है, राम जन्मभूमि न्यास मंदिर निर्माण के लिए पर्याप्त है और इसे ही शासकीय न्यास के रूप में विस्तार देना चाहिए।
गुरुवार को राम जन्मभूमि न्यास के सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती और तपस्वी जी की छावनी के महंत परमहंसदास का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वेदांती परमहंस दास से स्वयं को न्यास अध्यक्ष बनाने की आवाज उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसी बातचीत में दोनों पक्षों की ओर से राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के बारे में अपमानजनक अंश भी शामिल हैं। जिसको लेकर काफी बवाल मचा है।
रामजन्म भूमि न्यास के सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. राम विलासदास वेदांती ने न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास के ही नेतृत्व में राम लला के मंदिर निर्माण की वकालत की। उन्होंने कहा कि मंदिर की दावेदारी में संतों की अविस्मरणीय भूमिका है और इसके अग्रदूत महंत नृत्यगोपालदास जैसे शीर्ष धर्माचार्य हैं। डॉ. वेदांती ने यह भी कहा कि सारे भेदभाव भूलकर लोगों को मंदिर निर्माण की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने संभावित शासकीय न्यास से भी उम्मीद जताई। वेदांती ने कहा कि इसके गठन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की भूमिका अहम होने वाली है, वे कोई ऐसा काम नहीं करेंगे जिससे राम मंदिर के लिए घर परिवार प्राण आदि न्यौछावर करने वाले राम भक्तों और धर्माचार्यों की उपेक्षा हो। डॉ. वेदांती को भरोसा है कि शासकीय न्यास जल्दी ही गठन की प्रक्रिया में होगा और इसी के साथ ही राम मंदिर निर्माण की योजना भी सामने आने लगेगी।
उन्होंने जहां राम जन्मभूमि कार्यशाला में मंदिर के लिए तराशी जा रही शिलाओं और मंदिर के प्रस्तावित मॉडल के अनुरूप मंदिर निर्माण की वकालत की वहीं यह उम्मीद भी जताई कि रामलला का बनने वाला मंदिर दुनिया में भव्यतम होगा। आतिशी बयानों के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. वेदांती फैसला आने के बाद से नरम पड़ गए हैं। उनका कहना है कि मस्जिद को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। हमारी शुरू से ही राम मंदिर को लेकर दावेदारी रही है, पर इसका यह मतलब नहीं है कि मैं मुस्लिमों का विरोधी हूं। सच तो यह है कि मुस्लिम उतने ही भारतीय हैं, जितना कि हिन्दू। फैसले को स्वीकार कर दूसरे समुदाय ने इस सच्चाई को अच्छी तरह से साबित किया है।
रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष एवं मणिरामदासजी की छावनी के महंत नृत्यगोपालदास के प्रति अपमानजनक टिप्पणी से भड़के उनके दर्जन भर भक्तों ने दोपहर तपस्वीजी की छावनी के उत्तराधिकारी महंत परमहंसदास के कक्ष पर धावा बोल दिया। परमहंसदास की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े भक्त हमलावर भी दिखे। परमहंसदास ने स्वयं को अपने कक्ष में बंद रखा। कुछ देर में एडीएम सिटी डॉ. वैभव शर्मा, एसपी सिटी विजयपाल सिंह, सीओ सिटी अमर सिंह, कोतवाल सुरेश पांडेय, चौकी प्रभारी यशवंत द्विवेदी आदि के साथ बड़ी संख्या में पुलिस के जवान पहुंचे। इसके बावजूद नृत्यगोपालदास के भक्त अड़े रहे।
भक्तों के जत्थे की अगुवाई कर रहे आनंददास शास्त्री ने कहा कि भले ही हम जान न्योछावर कर देंगे पर महंत नृत्यगोपालदास जैसे गुरु का अपमान नहीं सहेंगे। इसके बाद अधिकारियों की मान-मनौवल के बीच भक्तों ने परमहंसदास के कक्ष का दरवाजा तोडऩे की कोशिश की। पुलिस ने परमहंसदास को उत्तेजित भक्तों से किसी तरह बचाते हुए उनके कक्ष से निकाला और अपने साथ ले गई। सीओ अमर सिंह ने बताया कि बवाल बचाने के लिए परमहंसदास को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। इस बीच छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयनदास ने कहा रामजन्मभूमि मुक्ति महोत्सव के बीच इस तरह की अनर्गल बयानबाजी करने वालों के विरुद्ध प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। देर शाम तक महंत नृत्यगोपाल दास के अनुयायियों की ओर से कोई तहरीर न मिलने पर पुलिस ने परमहंसदास को भी उनके आश्रम जाने दिया। परमहंसदास ने अपने को असुरक्षित बताते हुए अयोध्या से बाहर जाने की बात कही है। उन्हें पहले से ही सशस्त्र सुरक्षा प्रशासन की ओर से मिली हुई है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*