पुरानी पेंशन बहाली की मांग तेज, जंतर मंतर पर जुटे हजारों कर्मचारी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नयी दिल्ली। ऑल इंडिया एनपीएस एम्पलाइज फेडरेशन के आह्वान पर जंतर मंतर पर ‘पेंशन जयघोष महारैली’ का आयोजन किया गया, जिसमें देश के 10 हजार से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने किया। नर्स, शिक्षक, रेलवे, ऑर्डिनेंस, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, सफाई कर्मचारी, सिविल कोर्ट, पोस्टल एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
रविवार, 9 नवंबर को आयोजित रैली को संबोधित करते हुए डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने कहा, “हमारी यह रैली किसी राजनीतिक पार्टी के समर्थन या विरोध में नहीं है। यह कर्मचारियों की आवाज है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सरकार) से पुरानी पेंशन बहाली की मांग करती है। यूनिफाइड पेंशन स्कीम कर्मचारियों के हित में नहीं है, इसलिए भारत सरकार से मांग है कि पुरानी पेंशन के सभी प्रावधानों को तत्काल बहाल किया जाए।”
रैली को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के अध्यक्ष भारत पटेल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई जारी है। अगर सरकार ने इसे बहाल नहीं किया तो नये साल में 2 जनवरी को भोपाल में प्रस्तावित सम्मेलन भारत सरकार के विरोध में होगा। जबकि ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मुरादनगर के आशीष कुमार सिंह ने कहा कि देश की रक्षा उत्पादन इकाइयों में कार्यरत एनपीएस कर्मी राष्ट्र निर्माण की अग्रिम पंक्ति में हैं, लेकिन उन्हें असुरक्षित सेवानिवृत्ति दी जा रही है।
रैली में देशभर के 60 से अधिक कर्मचारी संगठनों ने सक्रिय सहयोग किया। मुख्य रूप से एसपी सिंह, विनोद गंगावासी, बसंत लाल गौतम, पद्मनाथ त्रिवेदी, जे.पी. पांडे, रामलाल यादव, प्रदीप सरल, क्रांति सिंह, ए.पी. सिंह, नीरज पटेल, तरुण भोला, अंकुर त्रिपाठी, विमुक्त राकेश राय, नीरज त्रिपाठी, रफीक मलिक, रामसेवक मौर्य, विनोद यादव, जुल्फिकार अहमद, शशि रंजन पटेल आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*