राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने घण्टाघर स्थित एमएमजी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। शुक्रवार की सुबह माता कॉलोनी में वीरपाल एवं शिवचरण का अपने पड़ोसी से झगड़ा हो गया था, जिसमें दोनों भाई वीरपाल और शिवचरण के सिर में गंभीर चोट आई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। यहां उनका इलाज ठीक से न होने के कारण क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने दोनों भाइयों की गम्भीर हालत की जानकारी मंत्री प्रतिनिधि अजय राजपूत को दी। इसके बाद प्रतिनिधि ने मंत्री अतुल गर्ग को पूरी घटना से अवगत कराया।
मंत्री अतुल गर्ग अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। टीन शेड के अंदर शिवचरण लगभग बेहोशी की हालत में आधा अंदर और आधा बाहर पड़ा हुआ था। मंत्री आपातकालीन विभाग में पहुंचे तो वहां कोई भी डॉक्टर उपस्थित नहीं मिला। पूछे जाने पर बताया गया कि आपातकालीन विभाग में ड्यूटी पर उपस्थित डॉक्टर इस समय शल्य कक्ष में ऑपरेशन कर रहे हैं। इंतजार करने के बाद जब डाक्टर आए तो उनसे पूछा गया कि आप कौन सा ऑपरेशन कर रहे थे तो वह मंत्री जी को संतुष्ट जवाब व ऑपरेशन की लिस्ट में अपना नाम नहीं दिखा पाए।
मंत्री अतुल गर्ग से बातचीत करते हुए डॉ केजी अग्रवाल ने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा आप डॉक्टर को हटा तो सकते हो, लेकिन दूसरा डॉक्टर लाओगे कहां से? इसके संबंध में अतुल गर्ग ने सीएमओ व सीएमएस से कहा कि इस व्यवस्था को कैसे ठीक करोगे? यदि डॉक्टरों की कमी है तो व्यवस्था बनाई जाए तथा देखा जाए कि मरीजों का इलाज ठीक से हो रहा है या नहीं। मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। मंत्री ने बताया कि उनके पास पैसा लेकर इलाज व ऑपरेशन करने की शिकायत आ रही है। इसकी भी जांच की जाए।
मंत्री के अस्पताल पहुंचने के तुरंत बाद दोनों भाइयों का इलाज प्रारंभ हो गया। उधर अतुल गर्ग ने इस औचक निरीक्षण की जानकारी कैबिनेट मंत्री जय प्रताप सिंह को फोन पर दी। उन्होंने बताया कि वह स्वयं शनिवार को गाजियाबाद पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि राजेंद्र मित्तल, अजय राजपूत, व्यापारी नेता संजीव मित्तल, पार्षद हिमांशु लव, श्रीकांत पाल, मीडिया प्रभारी नीरज गोयल आदि उपस्थित रहे।

जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार ‘भारत गौरव’ से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Leave a Reply