प्रीतिका बच्चन
गाजियाबाद। शम्भू दयाल (पीजी) कालेज में सड़क सुरक्षा विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सीओ महिपाल सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। महिपाल सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों को लेकर लोगों में जागरूकता का अभाव है। इसके कारण दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्युदर बढ़ती जा रही है। उन्होंने छात्रों से सड़क सुरक्षा का ब्रांड एंबेस्डर बनने व दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के तहत सड़क सुरक्षा समिति के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षा जागरूकता विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में 15 प्रतिभागियों ने भाग लिया तथा सड़क दुर्घटना एवं सुरक्षा जागरूकता पर अपने विचार प्रकट किए। मुख्य अतिथि सीओ ट्रैफिक महिपाल सिंह ने सभागार में लोगों को सड़क दुर्घटना के कारण एवं यातायात नियमों के विषय में विस्तार से बताते हुए जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कालेज की प्राचार्य डॉ मंजू गोयल ने की तथा छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने भी यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उसका पालन करने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। तत्पचात छात्राओं के एक सुंदर गीत के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी प्रस्तुत की गई। प्रतियोगिता के लिए एक निर्णायक मंडल का गठन हुआ था, जिसमें डॉ. कमलेश भारद्वाज, डॉ. गीता पांडेय और डॉ. वीएस राय शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. अनिल चौहान, डॉ. जय कुमार सरोहा, डॉ. अखिलेश, डॉ. प्रवीण और बीएड के समस्त शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि को भेंट देकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


Leave a Reply