राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
देश, समाज, भाषा और संस्कृति के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
छपरा (बिहार)। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की हिमाचल प्रदेश इकाई द्वारा भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर के तत्वावधान में रविवार, 23 अगस्त को बिलासपुर मुख्यालय पर राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में सारण जिला के वरीय पत्रकार, कायस्थ परिवार के कार्यकारी अध्यक्ष एवं फेडरेशन के बिहार प्रान्त के अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव शिरकत कर बिहार की भाषा एवं संस्कृति सहित सामाजिक आयामो पर अपना व्याख्यान भी प्रस्तुत करेंगे। साथ ही कई महत्वपूर्ण बिदुओं को रेखांकित करेंगे। इनके अलावा सारण जिला के समाजसेवी, कायस्थ परिवार के मुख्य संयोजक एवं फेडरेशन के दिली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिजीत श्रीवास्तव भी समारोह में बतौर अतिथि भाग लेकर कई बुनियादी सवालों पर अपना व्याख्यान देंगे।
भाषा एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम चांगर सेक्टर स्थित भाषा एवं संस्कृति सभागार में होगा। समारोह का शुभारंभ रविवार की सुबह 10:30 बजे होगा, जबकि कार्यक्रम शाम पांच बजे तक चलेगा।
सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों का संगम :
आयोजक ललिता कश्यप के अनुसार, समारोह का उद्देश्य राष्ट्र, समाज, भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना तथा उनके योगदान को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, समाजसेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी विशिष्ट हस्तियां शामिल होंगी। इससे बिलासपुर में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों का महत्वपूर्ण संगम देखने को मिलेगा।
राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका :
समारोह में उपायुक्त आईएएस श्री राहुल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं कर्नल जसवंत सिंह चंदेल विशिष्ट अतिथि तथा जिला भाषा अधिकारी बिलासपुर श्रीमती नीलम चंदेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष ललिता कश्यप ने चलंत वार्ता के माध्यम से बताया कि समारोह में समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
बेहतर कार्य करने की प्रेरणा :
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा, साहित्य, भाषा, संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय लोगों के योगदान को सामने लाना आवश्यक है। ऐसे सम्मान समारोह न केवल प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को भी समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
भाषा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को बढ़ावा :
ललिता कश्यप ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्र, समाज, भाषा और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं के कार्यों को रेखांकित किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया भारतीय भाषा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
‘भारत गौरव’ डॉ. जितेन्द्र बच्चन करेंगे शिरकत :
समारोह में विभिन्न राज्यों से शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां अपने अनुभव भी साझा करेंगी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार ‘भारत गौरव’ डॉ. जितेन्द्र बच्चन, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार श्रीवास्तव, राजस्थान अध्यक्ष डॉ. राम स्वरूप भटनागर तथा बिहार अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव समेत कई प्रमुख लोग समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील :
आयोजकों का कहना है कि भाषा और संस्कृति किसी भी समाज की पहचान का आधार होती हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह इसी उद्देश्य को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बिलासपुरवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन प्रतिभाओं के सम्मान के साथ-साथ सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के संदेश को भी व्यापक स्तर तक पहुंचाएगा।


Leave a Reply