राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर चल रहे श्रमिकों के प्रदर्शन ने आज सोमवार को हिंसक रूप धारण कर लिया। सैकड़ों की संख्या में मजदूर सड़कों पर उतर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को काबू में कर लिया। पूरे इलाके में जहां निगरानी बढ़ा दी गई है, वहीं नोएडा के इस घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नजर रख रहे हैं। गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने नोएडा के श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के बाद शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने किसी को भी कानून हाथ में न लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
जानकारी के अनुसार, श्रमिक पिछले कई दिनों से वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को यह प्रदर्शन अचानक तेज हो और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सड़कों पर उतरकर नारेबाजी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने स्थिति का फायदा उठाते हुए वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी बीच उग्र भीड़ ने पुलिस की एक वैन को निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और बाद में उसमें आग लगा दी। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर पथराव की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव बन गया।
कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर के अनुसार, औद्योगिक इकाई क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस एवं प्रशासनिक उच्चाधिकारी पुलिस बल के साथ सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा श्रमिकों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की जा रही है। साथ ही प्रदर्शनकारियों को लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी तरफ प्रशासन ने संबंधित विभागों को श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में जल्द सामान्य स्थिति बहाल की जा सके।


Leave a Reply