राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। साहिबाबाद स्थित ट्रू मीडिया कार्यालय में ‘ट्रू मीडिया चैनल एवं पत्रिका’ ने अपने संस्थापक प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक साहित्यिक एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सविता चड्ढा ने की। उन्होंने स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ट्रू मीडिया केवल एक पत्रिका या चैनल नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता का एक सशक्त मंच है। इससे पहले उन्होंने स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नेपाल संविधान सभा की सदस्य आनंदी पंत ने अपने संबोधन में भारत-नेपाल की सांस्कृतिक और साहित्यिक एकता को रेखांकित करते हुए कहा कि ट्रू मीडिया जैसे मंच दोनों देशों के बीच संवाद और रचनात्मक सहयोग को और मजबूत बनाते हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नेपाल से आए हेमबाबू लेखक, श्रीमती तारा पल्लवी एवं रमेश पंत मीतबंधु ने भी अपने विचार साझा करते हुए स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन करते हुए पत्रिका के संपादक डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति ने ट्रू मीडिया की 15 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस तरह अब यह मंच निरंतर साहित्य और समाज के विविध मुद्दों को उठाते हुए लोगों की एक सशक्त अवाज बन चुका है। कवि शिव शंकर लोध राजपूत ने इस बीच अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए नेपाल से आए अतिथियों को उनके पेंसिल स्केच बनाकर भेंट किए, जिसे सभी ने अत्यंत सराहा।
ओमप्रकाश प्रजापति ने सभी मंचासीन अतिथियों को शॉल एवं ट्रू मीडिया गौरव सम्मान भेट कर सम्मानित किया। अतिथियों और वक्ताओं ने एक स्वर में पत्रिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में संपादक ओमप्रकाश प्रजापति ने साहित्य, संस्कृति एवं समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को मंच प्रदान करते हुए सकारात्मक पत्रकारिता का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति के आदर्श आज भी इस संस्थान को प्रेरित कर रहे हैं और उनके विचारों को आगे बढ़ाने में डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर नयन नीरज नायाब, अधिवक्ता सत्येंद्र सिंह, पंकज नारायण सक्सेना, प्रेरणा सिंह, डॉ. आर.डी. गौतम ‘विनम्र’, डॉ. रोहित रोज, तारा पल्लवी, कमलेश कुमार प्रजापति, डॉ. पुष्पा जोशी, पूजा श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र प्रयागी, अशोक गुप्ता, अशोक कुमार, डॉ. अर्चना गर्ग, संगीता पीयूष, कुमार सुबोध, लक्ष्मी अग्रवाल, बबली सिन्हा वान्या, डॉ. पूजा भारद्वाज, ज्योति जुलका, ऋचा गौड़, डॉ. कविता मल्होत्रा, प्रणव कुमार, अरुण कुमार ‘अरुण’, डॉ. संजय जैन एवं डॉ. उर्वी उदल आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply