राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। धरपा गांव स्थित अरुण इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को न केवल पुरस्कृत किया गया, बल्कि उनके अभिभावकों को भी सम्मानित कर शिक्षा के प्रति एक नयी अलख जगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी श्रीचंद शर्मा, विशिष्ट अतिथि व यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन एडवोकेट शिवकुमार गौड़ और मुख्य वक्ता साध्वी प्रज्ञा भारती ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
समारोह में यूपीपीसीएस में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले गरिमा शर्मा, आशीष सिंह, गायत्री वर्मा, प्राची, शिवांगी और हिमांशु शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके साथ आए स्वजनों को भी स्मृति चिह्न देकर उनके सहयोग की सराहना की गई। मुख्य अतिथि श्रीचंद शर्मा ने भारतीय इतिहास, शिक्षा और विज्ञान की महत्ता बताते हुए कहा कि भारत को पुन: विश्व गुरु बनाने के लिए युवाओं को कड़ी मेहनत करनी होगी।
मुख्य वक्ता साध्वी प्रज्ञा भारती ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा: “हमें आधुनिकता के साथ अपनी गौरवशाली परंपराओं का सामंजस्य बिठाना होगा। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में उतारकर ही हम राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दे सकते हैं।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. गोपाल दत्त शर्मा ने कहा कि सनातनी होना हमारी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। हमें प्रतिदिन अपने देश, धर्म और संस्कृति के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर डॉ. एनके शर्मा, खेमचंद शर्मा, डॉ. हिमांशु दत्त शर्मा, डॉ. सुधांशू दत्त शर्मा, डॉ. सुर्यांशु, आशीष शर्मा उर्फ गोल्डी, प्रिंस पाठक, दुर्गेश शर्मा, कमलकांत शर्मा और रामभूल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व प्रबुद्ध वर्ग मौजूद रहे।


Leave a Reply