गाजियाबाद: मधु शर्मा राष्ट्रीय लोकदल में शामिल, प्रदेश महासचिव नियुक्त

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल ने पत्रकार, समाजसेवी एवं राजनीतिक कार्यकर्ता मधु शर्मा को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। इससे पहले शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में मधु शर्मा समाजवादी पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गईं। उनके इस राजनीतिक निर्णय से महिला संगठनों में जहां खुशी की लहर दौड़ गई है, वहीं मधु शर्मा ने राष्ट्रीय लोकदल की सराहना करते हुए कहा है कि यहां महिलाओं को सम्मान और सुरक्षित वातावरण मिलता है। उन्होंने कहा कि सपा छोड़ने की सबसे बड़ी वजह महिलाओं के प्रति सम्मान का अभाव रहा।
मधु शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि जब उनके पति डॉ सागर शर्मा गंभीर रूप से बीमार थे और बाद में उनका स्वर्गवास हो गया, तब सपा के एक भी नेता ने उनकी सुधि नहीं ली। उन्होंने बताया कि डॉक्टर साहब के निधन के बाद लगातार तीन वर्षों तक उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कराने का अनुरोध किया, लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर महानगर स्तर तक किसी ने भी रुचि नहीं दिखाई।
मधु शर्मा ने शनिवार को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद उन्हें महसूस हुआ कि महिलाओं के सम्मान, समाज सेवा और राजनीतिक भविष्य के लिए राष्ट्रीय लोकदल से बेहतर कोई विकल्प नहीं हो सकता। इस मौके पर पार्टी की महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी ने कहा कि पार्टी को बेहद खुशी है कि मधु शर्मा जैसी सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता ने राष्ट्रीय लोकदल पर भरोसा जताया है।
प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और मजबूत भागीदारी की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। पार्टी में खेत-खलिहान में काम करने वाली महिलाओं से लेकर शहरी क्षेत्र की वर्किंग वुमन तक सभी वर्गों की महिलाएं जुड़ रही हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दीपमाला चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्राणी त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सरदार इंद्रजीत सिंह, प्रदेश महासचिव रविंदर सिंह चौहान, प्रदेश सचिव ओडी त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष खेल प्रकोष्ठ विजय कौशिक, युवा महानगर अध्यक्ष तुषार कौशिक, महानगर अध्यक्ष खेल प्रकोष्ठ संजीव अरोड़ा, जिला महासचिव प्रदीप त्यागी, दिनेश शर्मा, राहुल चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भूपेंद्र डबास, प्रदेश उपाध्यक्ष बिना सिंह, मंजू शुक्ला निगार, उर्मिला सिंह, बिना पूनिया, नीलम तोमर, मंजू शुक्ला, अनीता चौधरी, रूबी जादौन, राजबाला आदि मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*