राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार के इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यालय के सुचारू संचालन एवं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों का औपचारिक पदस्थापित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद कोर बॉडी के सदस्यों तथा विद्यालय के चारों सदनों— आकाश, अग्नि, वायु एवं पृथ्वी के अध्यक्षों और प्रिफेक्ट्स के नामों की औपचारिक घोषणा की गई।
हाउस इंचार्जेज द्वारा सदनों के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बैज पहनाकर अलंकृत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुकर प्रिय ने चारों हाउस इंचार्जेज को उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का प्रतीक स्क्रोल प्रदान किया। साथ ही उन्होंने सभी नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों हेड बॉय (विहान उपाध्याय) हेड गर्ल (अर्णिमा सिंह) को उनकी बहुमुखी प्रतिभा के लिए बैच पहनाकर व स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही अन्य सदस्यों को निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी की शपथ दिलाई।
विद्यालय सचिव प्रियंक जोशी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभाशीष दिया। साथ ही इस गरिमामयी समारोह के सफल संचालन हेतु सभी सहयोगी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।


Leave a Reply