खुर्जा में महामंडलेश्वर स्वामी निखिलेश्वरानंद माधौ बिहारी दास का अभिनंदन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। जंक्शन रोड स्थित पंचवटी कम्यूनिटी भवन में श्रीजी संकीर्तन मंडल द्वारा एक भव्य समारोह आयोजित कर नगर के श्री 1008 स्वामी निखिलेश्वरानंद माधौ बिहारी दास महाराज का अभिनंदन किया गया। पिछले दिनों महराज जी को षड् दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति ने महामंडलेश्वर बनाया है। उसी उपलक्ष्य में रविवार की शाम यह कार्यक्रम उनके सम्मान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। विभिन्न स्थानों से पधारे संत-महात्माओं एवं ब्रज रसिकों ने महाराज को पटका एवं पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर माधौ बिहारी दास महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सच्चाई, सेवा, तप, त्याग एवं साधना के मार्ग पर चलना चाहिए। दीन-दुखियों की सेवा ही सच्चे धर्म का स्वरूप है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की प्राप्ति साधना और भक्ति से ही संभव है।
रविवार, 10 मई को आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में उपस्थित कथा व्यास अतुल कृष्ण महाराज ने कहा कि यह समस्त क्षेत्र एवं सनातन समाज के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है। उन्होंने उस मातृशक्ति को भी नमन किया जिसने माधौ बिहारी दास महाराज जैसे संत को जन्म दिया। बरसाना माताजी गौशाला से पधारे सुनील ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
ऋषिकेश के महामंडलेश्वर स्वामी ब्रह्मानंद महाराज ने सनातन धर्म की रक्षा एवं संस्कृति के उत्थान के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का होना आवश्यक बताया। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष डीसी गुप्ता कांटे वाले ने कहा कि जिस भूमि पर ऐसे संत जन्म लेते हैं, वह भूमि स्वयं तीर्थ बन जाती है। खुर्जा सदैव से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि रही है और इसे छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है।
कार्यक्रम में विपिन श्याम दीवाना सहित अनेक ब्रज रसिकों ने भजन प्रस्तुत किए, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर स्वामी मनुष्य मित्र महाराज, योगेश आचार्य, सुनील बरसाना, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के बुलंदशहर संरक्षक राम दिवाकर, आकाश, भगवान दास सिंघल, शाकुल तायल, चंद्र मोहन मित्तल, बसंत कानोडिया, उमाशंकर अग्रवाल, प्रदीप पंडित, पीयूष अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, देवेश कौशिक, अजय कौशल, महेश भार्गव, विकास वर्मा, बकुल तायल, हैप्पी वर्मा, विकास सोनी, विपिन गोयल, साधना अग्रवाल, विपिन सिसोदिया, मोहित कौशिक आदि अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*