राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। पीएम नरेंद्र मोदी एवं सीएम योगी आदित्यनाथ के ईंधन संरक्षण एवं संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को लेकर दिए गए संदेशों को जन आंदोलन बनाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ सरकारी वाहन के स्थान पर बाइक से कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनकी इस कार्यप्रणाली से जनता में अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
डीएम मांदड़ का मानना है कि पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ती खपत को आज नियंत्रित करना समय की जरूरत है। देश के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव करने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की है कि जहां तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन, कार शेयरिंग, साइकिल अथवा दोपहिया वाहनों का उपयोग करें। सामूहिक प्रयासों से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात दबाव कम करने में भी सहायता मिलेगी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने डीएम की इस पहल की सराहना की है।
शुक्रवार, 15 मई को ही महात्मा गांधी सभागार में प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने मीडिया के माध्यम से भी जनपदवासियों को ईंधन का कम से कम उपयोग करने की सलाह दी है।
जिलाधिकारी मांदड़ ने मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित अन्य अधिकारियों एवं पत्रकारों के साथ कलेक्ट्रेट और विकास भवन प्रांगण का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास भवन प्रांगण स्थित कैंटीन की स्वच्छता व्यवस्था देखी और भोजन कर उसकी शुद्धता भी जांची। उन्होंने कैंटीन संचालकों को निर्देशित किया है कि स्वच्छता एवं शुद्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


Leave a Reply