राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी युवाओं को प्रशासनिक सेवा की परीक्षा की तैयारी के लिए समाज कल्याण विभाग हमेशा प्रोत्साहित करता रहा है। इसी कड़ी में यूपीएससी, यूपीपीएससी समेत अन्य सरकारी नौकरी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को फ्री कोचिंग देने की व्यवस्था की गई है।
‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे वित्तीय वर्ष 2026-27 में 01 जुलाई 2026 से कक्षाएं संचालित की जानी है। कोचिंग संजय नगर स्थित भागीरथ पब्लिक स्कूल में होगी। कोर्स के अनुसार अध्यापन कार्य हेतु अतिथि प्रवक्ता / व्यख्याताओं एवं विषय विशेषज्ञों की आवश्यकता है।
श्री चौधरी के अनुसार, एक जुलाई 2026 से शुरू होने वाली कोचिंग के लिए इतिहास – प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन इतिहास, आधुनिक इतिहास, आर्ट एवं कल्चर, भूगोल, भारतीय राज व्यवस्था, अर्थशास्त्र, अंतराष्ट्रीय सम्बन्ध, आंतरिक सुरक्षा, नैतिक शास्त्र, पर्यावरण एवं आपदा प्रबन्धन, विज्ञान, उत्तर प्रदेश विशेष तथ्य, समसामायिकी, सीसैट विषय शामिल हैं। प्रवक्ता के लिए 30 मई तक आवेदन लिए जाएंगे। एक प्रवक्ता को एक व्याख्यान के लिए दो हजार रुपये दिए जाएंगे। अतिथि प्रवक्ता को प्रतिमाह अधिकतम 30 व्याख्यान तक अनुमन्य होंगे।
उपरोक्त प्रतियोगी परीक्षाओं में अध्यापन कार्य हेतु इच्छुक विषय विशेषज्ञ अपना आवेदन शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ 30 मई 2026 तक जिला समाज कल्याण अधिकारी गाजियाबाद को भेज सकते हैं या कार्य दिवस में सम्पर्क कर सकते हैं।


Leave a Reply