राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
दिल्ली। साहित्य और शायरी की खूबसूरत परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुंबई से दिल्ली पधारे प्रसिद्ध शायर कृष्णा गौतम के सम्मान में ‘गजलों की शाम कृष्णा गौतम के नाम’का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अदबी माहौल, बेहतरीन गजलों और आत्मीय सम्मान समारोह के कारण देर रात तक चलता रहा। अध्यक्षता वरिष्ठ शायर रवि ऋषि ने की, जबकि मंच संचालन सुप्रसिद्ध साहित्यकार अनिल मीत ने अपने प्रभावशाली और सधे हुए अंदाज़ में किया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में शायर कृष्णा गौतम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। साहित्यकार जगदीश मीणा और गुरचरन मेहता रजत ने मोतियों की माला और शॉल भेंट की। जबकि ट्रू मीडिया के संपादक ओमप्रकाश प्रजापति ने भी शॉल ओढ़ाकर गौतम का अभिनंदन किया।
शायरों ने चुनिंदा गजलों से समां बाँध दिया। रवि ऋषि, कृष्णा गौतम, अनिल मीत, ओमप्रकाश प्रजापति, प्रमोद शर्मा असर, जगदीश मीणा, गुरचरन मेहता रजत, मनोज कामदेव, अनिल मासूम, संजीव निगम, राजेंद्र प्रखर और डॉ. सुधीर त्यागी ने प्रमुख रूप से अपनी-अपनी रचनाएं प्रस्तुति की। श्रोताओं ने विशेष रूप से कृष्णा गौतम की भावपूर्ण गजलों को मुक्तकंठ से सराहा।
गौतम की शायरी में जीवन के विविध रंग, रिश्तों की संवेदनाएँ और समाज की गहरी अनुभूतियाँ साफ झलकती हैं, जिसने उपस्थित साहित्य प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। साहित्यिक संवाद, आत्मीयता और आपसी सम्मान का यह संगम उपस्थित जनों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।


Leave a Reply