खुर्जा में प्रदीप अग्रवाल की स्मृति में आयोजित किया गया कवि सम्मेलन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। प्रख्यात समाजसेवी एवं उद्योगपति स्वर्गीय श्री प्रदीप अग्रवाल की पुण्य स्मृति में खुर्जा ट्रेड फेयर एवं लंदन सिटी कार्निवाल (एसएमजेईसी मैदान) में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। काव्य साधना मंच खुर्जा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीजे दिलीप कुमार सचान तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शिव किशोर गौड़ रहे। विशिष्ट अतिथियों में बीजेपी के खुर्जा नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा एवं नगर पालिका परिषद खुर्जा की अध्यक्ष श्रीमती अंजना सिंघल शामिल थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने फीता काटकर किया।
कवि सम्मेलन में सुप्रसिद्ध कवि सौरभ जैन ‘सुमन’, डॉ. चंद्रमणि ब्रह्मदत्त (दिल्ली), अंजना जैन (नोएडा), रंजन शर्मा ‘पक्का बिहारी’, संजय शर्मा ‘रुद्र’(बाराबंकी), नीलम नीलमणि (गाजियाबाद), स्वाति गोयल (गाजियाबाद) तथा रुद्राणी पूनम शर्मा प्रमुख रहे। बाल कवयित्री सानवी जैन ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह की विशेष सराहना प्राप्त की।
खुर्जा के राष्ट्रीय कवि जय किशन ‘जय’तथा साहित्यप्रेमी के. सी. गौड़ की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। काव्य साधना मंच की संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. साधना अग्रवाल ‘साधिका’ने बताया कि सभी आमंत्रित अतिथियों एवं कवियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस काव्य संध्या को अविस्मरणीय बना दिया।
16 जून को आयोजित कवि सम्मेलन में उपस्थित समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष डी.सी. गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन स्वर्गीय प्रदीप अग्रवाल की पुण्य स्मृति को समर्पित एक ऐतिहासिक श्रद्धांजलि सिद्ध हुआ है। साथ ही यह साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास भी साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं ने देर रात तक कविताओं का रसास्वादन किया और कवियों की प्रस्तुतियों पर भरपूर उत्साह व्यक्त किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*