वरिष्ठ IAS संग्राम केशरी मिश्रा ने PIIT ग्रेटर नोएडा के साथ किया वचार-विमर्श

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। वरिष्ठ आईएएस संग्राम केशरी मिश्रा ने प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) स्टॉफ के साथ एक बैठक कर शैक्षणिक माहौल और तकनीकि शिक्षा को और बेहतर बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने ऐसे कई मुद्दों पर भी सुझाव दिए, जो ढांचागत विकास को गति देने में बेहद मददगार साबित हो सकते हैं।
आईएएस संग्राम केशरी मिश्रा 1985 बैच ओडिशा कैडर के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। उन्होंने तकनीकि शिक्षण संस्थान PIIT के साथ विचार-विमर्श में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, इसे उद्योग की जरूरतों के अनुकूल बनाने और व्यावहारिक कौशल को प्राथमिकता देने के कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। बैठक में PIIT के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस संवाद कार्यक्रम को संस्थान के विकास को गति देने के लिए बहुत ही सकारात्मक कदम बताया।
संग्राम केशरी मिश्रा और डॉ. भरत सिंह के विचार-विमर्श के पश्चात यह निश्चित हुआ कि शिक्षा को केवल सैद्धांतिक न रखकर, आधुनिक तकनीकी और औद्योगिक माँगों के आधार पर व्यावहारिक बनाना चाहिए, ताकि छात्रों की रोजगार-क्षमता बढ़ सके। कौशल विकास पर भी जोर दिया गया है। श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि शिक्षण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संकायों (Faculty) को समय-समय पर नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
श्री मिश्रा को एक लेखक, कवि और संगीतकार के रूप में भी राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त है। उन्होंने पीआईआईटी के विचार विमर्श बैठक में अपने कई अनुभवों को साझा करते हुए शिक्षण को आधुनिक बनाने के साथ-साथ और अधिक स्मार्ट क्लासरूम बनाने की सलाह दी है। इसके अलावा छात्रों के लिए विशेष प्लेसमेंट ट्रेनिंग व इंडस्ट्री-लिंक्ड वर्कशॉप्स आयोजित करने के सुझाव दिए।
PIIT के चेयरमैन डॉ. भरत सिंह भी मानते हैं कि इन सभी विकास कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाना चाहिए, जो हर कार्य की प्रगति की निगरानी करे। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों की इस बैठक में एयर गुरुकुल की अधिकारी लक्ष्मी प्रिया भी शामिल रहीं। उन्होंने पाठ्यक्रम में डिजिटल युग की आवश्यकताओं पर बल देते हुए बताया कि संस्थान ने शिक्षण में आधुनिक तकनीकों का समावेश करना शुरू कर दिया है। श्री मिश्रा ने एयर गुरुकुल के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए डेटा एनालिटिक्स जैसी तकनीकों को शामिल करने की भी वकालत की है। उनका मानना है कि इससे न केवल पीआईआईटी का विकास होगा, बल्कि छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा व बेहतरीन करियर के अवसर भी प्राप्त होंगे।
प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित :
उल्लेखनीय है कि श्री मिश्रा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड भुवनेश्वर ओडिशा के अध्यक्ष भी रहे। उनका जन्म 29 नवंबर 1958 को हुआ था। उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर और स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। अपने पूरे करियर में श्री मिश्रा महानिदेशक, प्रधान सचिव, प्रबंध निदेशक, आयुक्त, विशेष सचिव, अतिरिक्त सचिव, संयुक्त सचिव, परियोजना समन्वयक, परियोजना अधिकारी और उप-विभागीय अधिकारी सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है। डॉ. भरत सिंह ने संस्थान की तरफ से प्रतीक चिह्न देकर उन्हें सम्मानित किया है। इस अवसर पर भाजपा नेता आनंद साहू और PIIT की वरिष्ठ अधिकारी मिथलेश सिंह मैम भी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*