हिमाचल प्रदेश की साहित्यकार ललिता कश्यप को ‘साहित्य भूषण’ पुरस्कार

डॉ. रामस्वरूप भटनागर / राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की जानमानी साहित्यकार ललिता कश्यप को समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) ने हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘साहित्य भूषण’ पुरस्कार से अलंकृत किया है। यह सम्मान उन्हें बिलासपुर में भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में 23 अगस्त को आयोजित देश की प्रतिष्ठित संस्था एसकेएफआई के 9वें राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री राहुल कुमार, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन और विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी बिलासपुर श्रीमती नीलम चंदेल भी उपस्थित रहीं।
एसकेएफआई के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश की अध्यक्षा श्रीमती ललिता कश्यप के आतिथ्य में आयोजित हुआ, जिसमे देश की 41 प्रतिभाओं को अलग-अलग सम्मान से नवाजा गया। राजस्थान प्रांत की एसकेएफआई टीम ने समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त बिलासपुर श्री राहुल कुमार एवं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन को उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिये गणमान्य लोगो की उपस्थिति में उपरना, शाल, मोतियों की माला के साथ नागरिक “अभिनंदन – पत्र”से सम्मानित किया गया।
उन्होंने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि बिलासपुर निवासी ललिता कश्यप उर्फ रणजीत कौर हिंदी साहित्य की सशक्त हस्ताक्षर हैं। उन्हें अब तक कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। दुबई में आयोजित 10वें अंतरराष्ट्रीय हिंदी अधिवेशन में उन्हें ‘सहॉदरी सम्मान’ दिया गया। वह हिमाचल प्रदेश की एकमात्र महिला साहित्यकार हैं जिन्हें यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है।
इससे पहले समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) द्वारा उन्हें ‘राष्ट्र गौरव सम्मान’ प्रदान किया था। वह समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया की हिमाचल प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। इसके अलावा हिंदी साहित्य के प्रचार-प्रसार में ललिता जी का महत्वपूर्ण योगदान है।
ललिता कश्यप को ‘साहित्य भूषण’ पुरस्कार मिलने से साहित्यकारों व समाजसेवियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कई लोगों ने ललिता जी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कार्यक्रम में राजस्थान से आए प्रतिनिधि प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रामस्वरूप भटनागर, डॉ. वीणा गुप्ता, श्री रामसिंह राजपुरोहित एवं कौशल्या गुप्ता की गरिमामय भागीदारी रही। उनके अलावा इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस और पत्रकारिता से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*