राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
बिलासपुर। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के संरक्षण में ‘सेवा परमो धर्म:’ में अहम योगदान के लिए गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज चिंतक जितेन्द्र बच्चन को भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर के सभागार में ‘हिमाचली टोपी’ से अलंकृत किया गया। बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) के उपायुक्त IAS श्री राहुल कुमार ने हिमाचल प्रदेश की यह सांस्कृतिक पहचान, मान-सम्मान और गौरव का प्रतीक कर्नल (R.) जसवंत सिंह चंदेल और जिला भाषा अधिकारी (DLO) श्रीमती नीलम चंदेल की मौजूदगी में प्रदान किया।
उपायुक्त श्री राहुल कुमार रविवार, 23 अगस्त को आयोजित समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) के 9वें राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। उन्होंने कहा, ‘सेवा परमो धर्मः’ भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र है, जो हमें निस्वार्थ भाव से समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करता है। और जितेन्द्र बच्चन पत्रकारिता व समाजसेवा के माध्यम से इसे कार्य को बाखूबी निभा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश आज उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान, मान-सम्मान व ‘गौरव प्रतीक’ से अलंकृत कर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने इस सम्मान के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार और बिलासपुर के उपायुक्त श्री राहुल कुमार, कर्नल जसवंत सिंह और जिला भाषा अधिकारी (डीएलओ) नीलम चंदेल के प्रति आभार प्रकट किया है। डॉ. बच्चन SKFI के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया हिमाचल प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित ‘राष्ट्र गौरव’ सम्मान समारोह को सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की उस महान परंपरा को सुदृढ़ करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया, जो जनसेवा को सर्वोच्च धर्म मानता है।
डॉ बच्चन ने अपने सम्मानित होने पर कहा, “हिमाचली टोपी केवल मान-सम्मान का एक प्रतीक नहीं, बल्कि यह जनकल्याण, प्रेरणा और समर्पण की जीवंत भावना का प्रतीक है। जय हिन्द, जय भारत!”

डॉ. बच्चन ने यह भी कहा कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) का ‘विकसित समाज सशक्त भारत’ अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है तथा भविष्य में राष्ट्रहित में कार्य करने की चेतना को और अधिक सशक्त बनाएगा। इसी संकल्प के साथ सेवा, संस्कार और समर्पण के पथ पर SKFI निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री राहुल कुमार ने 32 विभूतियों को ‘राष्ट्र गौरव’ पुरस्कार और 9 प्रतिभाओं को अलग-अलग क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रीय प्रतिभा अवार्ड से भी सम्मानित किया है। इस अवसर पर SKFI के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार श्रीवास्तव, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम स्वरूप भटनागर, बिहार प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव, हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ललिता कश्यप, बिलासपुर के जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, प्रदेश पदाधिकारी नीरज शर्मा, मंच संचालक रविन्द्र कुमार शर्मा, सदस्य विकास कुमार, मंजू कश्यप और हेमेन्द्र कुमार के अलावा शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस और पत्रकारिता से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply